काठमांडू, 22 नवंबर (आईएएनएस)। नेपाल के तराई क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस के साथ हुई झड़प में दो लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद कुछ इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया गया है।
क्षेत्र में पहले ही पिछले 100 दिनों से विरोध-प्रदर्शन जारी है।
सप्तरी जिले में पुलिस के साथ संघर्ष में दो लोगों की मौत हो गई, जहां मधेशी मोर्चा के कार्यकर्ताओं का विरोध जारी है।
जिले के पुलिस अधीक्षक भीम ढकाल ने कहा कि लगभग 2,000 मधेशी मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने पुलिस और उनके वाहनों पर हमला किया, जिसके बाद पुलिस की ओर से कार्रवाई की गई।
इस घटना में लगभग दो दर्जन लोग घायल हो गए। अधीक्षक ने कहा, “उन्होंने पेट्रोल बम फेंके और घर में बने हथियारों से हमला शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस को मजबूरन बंदूकों का इस्तेमाल करना पड़ा।”
घटना में घायल हुए लोगों में पांच प्रदर्शनकारी और दो पुलिसकर्मी शामिल हैं। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
स्थानीय प्रशासन ने तराई जिले के कई इलाकों में प्रतिबंध लगा दिया गया है।
सप्तरी जिले से मिली रिपोर्ट के अनुसार, सैकड़ों लोग पुलिस की गोली से दो लोगों की मौत के खिलाफ सड़कों पर उतर आए।
विरोध-प्रदर्शन के कारण नेपाल के पूर्वी व पश्चिमी क्षेत्रों को देश के दक्षिणी हिस्से से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण पूर्व-पश्चिम राजमार्ग पर हजारों यात्री फंसे हुए हैं।
संविधान में मधेशियों को ‘उचित’ प्रतिनिधित्व की मांग को लेकर जारी प्रदर्शन के राजनीतिक समाधान के लिए मधेशी मोर्चा और सरकार के बीच कई बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकल पाया है।
इसके कारण पिछले तीन महीनों से क्षेत्र में विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं, जिसकी वजह से लोगों को दवाओं, तेल और कई अन्य आवश्यक सामग्रियों की कमी झेलनी पड़ रही है।
तीन महीनों से जारी इस विरोध प्रदर्शन में अब तक 50 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सैकड़ों लोग घायल हुए हैं।
dharmpath.com dharmpath