सिंगापुर, 24 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को सिंगापुर में अपने भव्य स्वागत के बाद यहां के राष्ट्रपति टोनी तान केंग याम से मुलाकात की।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने इस बाबत ट्विटर पर लिखा, “शीर्ष व्यक्ति से मिलकर शुरुआत की। प्रधानमंत्री मोदी ने सिंगापुर के राष्ट्रपति टोनी तान केंग याम से मुलाकात की।”
टोनी तान केंग याम ने इस साल की शुरुआत में भारत दौरा किया था।
स्वरूप ने सुबह में सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली सेन लुंग के साथ मोदी की तस्वीरों को साझा करते हुए ट्वीट किया, “इस्ताना में औपचारिक स्वागत। सिंगापुर के राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी भरा स्वागत।”
मोदी ने अपने सिंगापुर दौरे के दूसरे और अंतिम दिन की शुरुआत देश के अग्रणी कारोबारियों के साथ नाश्ते पर मुलाकात से की।
स्वरूप ने ट्विटर पर लिखा, “नाश्ते के साथ दिन की शुरुआत। प्रधानमंत्री मोदी ने सिंगापुर के अग्रणी नेताओं और कारोबारियों के साथ सुबह बैठक की।”
मोदी सोमवार को मलेशिया से सिंगापुर पहुंचे।
dharmpath.com dharmpath