काराकास, 24 नवंबर (आईएएनएस)। अर्जेटीना के दिग्गज फुटबाल खिलाड़ी डिएगो माराडोना के स्वास्थ्य में गैस्ट्रिक बाइपास सर्जरी के बाद तेजी से सुधार हो रहा है।
माराडोना का ऑपरेशन करने वाले कोलंबियाई चिकित्सक कार्लोस फेलिप चाउक्स ने बताया कि माराडोना ऑपरेशन के बाद से पांच किलोग्राम वजन घटा चुके हैं और उनके स्वास्थ्य में हो रहा सुधार संतुष्टिप्रद है।
समाचार एजेंसी एफे ने सोमवार को चाउक्स के हवाले से कहा, “उनके सेहत में सुधार संतुष्टिप्रद है, बिल्कुल सही दिशा में हो रहा है। वह छह किलोग्राम के करीब वजन कम कर चुके हैं।”
पिछले 11 वर्षो से माराडोना के स्वास्थ्य की देखभाल कर रहे चिकित्सक चाउक्स ने कहा, “माराडोना का स्वास्थ्य बिल्कुल ठीक है और वह जल्द ही माराकाइबो लौट जाएंगे।”
55 वर्षीय दिग्गज का 14 नवंबर को ऑपरेशन हुआ था और दो दिन बाद ही उन्हें माराकाइबो के फाल्कॉन क्लिनिक से छुट्टी दे दी गई थी।
dharmpath.com dharmpath