रोम, 24 नवंबर (आईएएनएस)। इटली के दिग्गज फुटबाल कोच कार्लो एंसेलोट्टी ने कहा है कि वह फिर से स्पेन के अग्रणी फुटबाल क्लब रियल मेड्रिड का कोच बनना चाहेंगे।
समाचार एजेंसी एफे ने सोमवार को एंसेलोट्टी के हवाले से कहा, “जैसे मैं पेरिस सैंट जर्मेन (पीएसजी) या चेल्सी में कोच बनकर दोबारा लौटा उसी तरह मैं रियल के लिए भी वापसी करूंगा।”
इटली के रेडियो चैनल ‘आरएआई रेडियो’ ने एंसेलोट्टी के हवाले से कहा, “विदेशों में बतौर कोच मेरा अनुभव शानदार रहा है, लेकिन जब मैंने मेड्रिड छोड़ा तो मैंने एक वर्ष आराम करने का निर्णय लिया।”
एंसेलोट्टी ने रियल के मौजूदा कोच राफेल बेनिटेज का हालांकि बचाव भी किया। गौरतलब है कि शनिवार को अपने घरेलू स्टेडियम सैंटियागो बेर्नाबेयू में चिर प्रतिद्वंद्वी एफसी बार्सिलोना के हाथों 0-4 से मिली हार के बाद बेनिटेज आलोचना के दौर से गुजर रहे हैं।
एंसेलोट्टी ने कहा कि हर कोच का अपना तरीका और अपनी रणनीति होती है, जिसे मैदान पर फलीभूत करना होता है। अभी सत्र की शुरुआत है और सुधार की पूरी गुंजाइश और समय है।
dharmpath.com dharmpath