मोदी ने लूंग को 1849 के नक्शे की प्रति भेंट की

सिंगापुर, 24 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को सिंगापुर के अपने समकक्ष ली सीन लूंग को 1849 के सिंगापुर के नक्शे की एक प्रति भेंट की।

मोदी ने ट्वीट किया, “प्रधानमंत्री ली सीन लूंग को 1849 के सिंगापुर के नक्शे की प्रति भेंट में दी।”

सिंगापुर में अपनी यात्रा के दूसरे दिन मोदी के सम्मान में ली ने दोपहर भोज का आयोजन किया था।

मोदी ने कहा कि नक्शे में सिंगापुर के कुछ हिस्सों का स्थलाकृतिक विवरण है।

मोदी ने ट्विटर के जरिए कहा, “नक्शा कम पानी वाले वसंत ज्वारों (स्प्रिंग टाइड्स) के ऊपर के स्तर के सिंगापुर शहर के आसपास के क्षेत्र का विवरण भी दर्शाता है।”

मोदी ने कहा, “नक्शे की प्रति भारतीय राष्ट्रीय अभिलेखागार, नई दिल्ली के काटरेग्राफिक संग्रह द्वारा तैयार की गई थी।”

भारत और सिंगापुर ने मंगलवार को सामरिक साझेदारी और विभिन्न क्षेत्रों में नौ समझौतों पर हस्ताक्षर किए।

दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने के बाद विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्विटर के जरिए कहा कि दोनों प्रधानमंत्रियों ने दोनों देशों की संस्कृतियों के महत्व को रेखांकित किया और अधिक प्रदर्शनियां, आदान-प्रदान और परस्पर बातचीत को प्रोत्साहित किया।

प्रवक्ता के मुताबिक, मोदी और ली ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी, खासतौर से अंतरिक्ष, जैविक चिकित्सा और आयुर्वेद के क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए साझा लाभ की भी बात की।

दोनों प्रधानमंत्रियों ने दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे होने के प्रतीक के तौर पर भारत के राष्ट्रपति भवन और सिंगापुर के राष्ट्रपति निवास इस्ताना के चित्र वाले दो डाक टिकट भी जारी किए।

इस्ताना में मंगलवार सुबह मोदी का औपचारिक रूप से स्वागत भी किया गया, जिसके बाद उन्होंने सिंगापुर के राष्ट्रपति टोनी केंग याम और ‘एमेरिट्स सीनियर मिनिस्टर’ गोह चोक टोंग से भी मुलाकात की।

मोदी सोमवार को मलेशिया से सिंगापुर पहुंचे थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493