लंदन, 28 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तरी आयरलैंड में एक भारतीय परिवार नस्लीय हमले का शिकार हुआ है। इस परिवार की कार को घर के अहाते में आग लगा दी गई।
बीबीसी द्वारा शुक्रवार को जारी रपट के मुताबिक, अंतरिम काउंटी में स्थित अपने घर से सुबी फिलिप और उनके 10 और आठ वर्ष की उम्र के दो बच्चों को शुक्रवार सुबह घर छोड़कर भागना पड़ा, क्योंकि उनकी कार आग में जलकर खाक हो गई थी।
फिलिप के पति घर में मौजूद नहीं थे, क्योंकि वह अपने पिता की अंत्येष्टि में शामिल होने भारत में थे।
पुलिस इस हमले को एक नस्लीय हमले के तौर पर देख रही है।
पुलिस अधिकारी जॉन एलेन ने कहा, “हम मानते हैं कि यह हमला नस्ली घृणा का नतीजा है।”
एलेन के मुताबिक, “संपत्ति पर किसी भी प्रकार का हमला अस्वीकार्य है। हालांकि नस्ली घृणा के तहत किए गए इस हमले की मैं निंदा करता हूं।”
पेशे से नर्स सुबी फिलिप ने कहा कि हमले के कारण उनका परिवार बेहद घबराया हुआ है।
फिलिप ने बीबीसी को बताया, “मैंने तेज आवाज सुनी और भयानक आग देखी। जब मैं नीचे आई तो चीखने लगी।”
तेज आवाज के बाद उनके पड़ोसी मदद के लिए आए और उन्होंने उन्हें घर से बाहर आने को कहा।
हालांकि फिलिप को लगा कि वे आगजनी करने वाले लोग ही हैं, इसलिए उन्होंने बाहर आने से इंकार कर दिया।
फिलिप ने कहा, “मैं बेहद डरी हुई थी। मुझे डर था कि कहीं वे मुझ पर या बेटियों पर भी हमला न कर दें।”
भारतीय समुदाय के स्थानीय सदस्यों ने वहां एकत्रित होकर परिवार को सहयोग की पेशकश की।
dharmpath.com dharmpath