वाशिंगटन, 30 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (एनएसए) ने टेलीफोन डेटा संग्रह का विवादास्पद कार्यक्रम बंद कर दिया है। इस कार्यक्रम का पर्दाफाश एजेंसी के पूर्व कर्मचारी और व्हिसल ब्लोअर एडवर्ड स्नोडेन ने किया था।
समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, एनएसए निगरानी का समापन एक नए कानून यूएसए फ्रीडम एक्ट के लागू होने के बाद हुआ है। राष्ट्रपति बराक ओबामा ने इसे जून में मंजूरी दी थी। यह रविवार से लागू हो गया है।
इस कानून के तहत सरकार अब इस सूचना का संग्रहण नहीं कर सकेगी। सुरक्षा संबंधी कोई चिंता पैदा हुई तो सरकार संबंधित कंपनी से बात करेगी।
इसके तहत यूएसए पैट्रियाट एक्ट के कुछ प्रावधानों में संशोधन किया गया है। यूएसए पैट्रियाट एक्ट वर्ष 2011 में 11 सितंबर को हुए आतंकवादी हमले के बाद बनाया गया था।
2006 से एक विदेशी खुफिया निगरानी अदालत एनएसए के इस कार्यक्रम की निगरानी कर रही थी। विशेषज्ञों का कहना है कि इस कार्यक्रम के तहत आतंकवाद रोधी जांच के दौरान केवल संदिग्धों के फोन डेटा हासिल किए जाते थे।
लेकिन, 2013 में स्नोडेन ने मीडिया में यह जानकारी देकर तहलका मचा दिया कि एनएसए निगरानी कार्यक्रम के तहत लाखों लोगों के फोन डेटा हासिल किया गए हैं।
मामला उस वक्त और बड़ा हो गया, जब यह खुलासा हुआ कि कई विदेशी नेता भी अमेरिका की इस जासूसी के शिकार हुए हैं।
dharmpath.com dharmpath