लिस्बन, 1 दिसम्बर (आईएएनएस)। पुर्तगाल फुटबाल टीम के मुख्य कोच फर्नाडो सांतोस का मानना है कि कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो का वर्ष के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को दिए जाने वाले अवार्ड बैलन डी ऑर के लिए आठवीं बार नामांकित किया जाना ‘उचित से कहीं बेहतर’ निर्णय है।
रोनाल्डो आठवीं बार इस अवार्ड के आखिरी तीन खिलाड़ियों में जगह बनाने में सफल रहे हैं।
पुर्तगाल फुटबाल महासंघ की वेबसाइट पर सांतोस ने सोमवार को कहा कि इस अवार्ड के लिए रोनाल्डो का नामांकन उनके महत्व को रेखांकित करता है।
स्पेन के अग्रणी फुटबाल क्लब रियल मेड्रिड के लिए खेलने वाले रोनाल्डो तीन बार (2008, 2013, 2014) यह अवार्ड जीत चुके हैं।
समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक मौजूदा वर्ष के लिए रोनाल्डो के साथ इस अवार्ड की दौड़ में शामिल अंतिम तीन खिलाड़ियों में रियल के चिर प्रतिद्वंद्वी क्लब एफसी बार्सिलोना के लियोनेल मेसी और नेमार शामिल हैं।
बैलन डी ऑर-2015 विजेता की घोषणा अगले वर्ष ज्यूरिख में 11 जनवरी को की जाएगी।
सांतोष का कहना है कि पुर्तगाल की टीम में रोनाल्डो का योगदान सर्वाधिक अहम रहा है, जिसके बल पर पुर्तगाल यूरो2016 के लिए क्वालीफाइ करने में सफल रहा है।
रोनाल्डो पुर्तगाल की अपनी राष्ट्रीय टीम के लिए 123 मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 55 गोल किए।
dharmpath.com dharmpath