ज्यूरिख, 3 दिसम्बर (आईएएनएस)। भारतीय फुटबाल टीम ने गुरुवार को जारी फीफा की विश्व रैंकिंग में छह स्थानों की लंबी छलांग लगाई और 166वें पायदान पर पहुंच गई।
पिछले महीने पहली बार विश्व रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल करने वाली बेल्जियम टीम अभी भी शीर्ष पर कायम है।
भारतीय टीम फीफा विश्व कप-2018 क्वालीफाइंग में लगातार पांच मैच हारने के बाद पिछले हफ्ते 172वें पायदान पर फिसल गई थी।
स्टीफेन कोंस्टेनटाइन के मार्गदर्शन में हालांकि भारतीय टीम ने 12 नवंबर को बेंगलुरू में गुआम के खिलाफ हुआ क्वालीफाइंग मैच 1-0 से जीत अच्छी वापसी की।
बेल्जियम शीर्ष पर रहते हुए वर्ष का समापन करेगा। ब्राजील विश्व कप-2014 में उप-विजेता रही अर्जेटीनी टीम एक स्थान के लाभ के साथ दूसरे पायदान पर पहुंच गई, जबकि विश्व चैम्पियन जर्मन टीम चौथे स्थान पर खिसक गई।
विश्व कप-2010 की विजेता स्पेन ने तीन स्थानों के फायदे के साथ तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि कोपा अमेरिका-2014 विजेता चिली पांचवें पायदान पर बरकरार है और पांच बार की विश्व विजेता ब्राजीलियाई टीम ने दो पायदान ऊपर उठते हुए छठा स्थान हासिल किया।
आठवीं बार वर्ष के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के लिए नामांकित होने वाले क्रिस्टियानो रोनाल्डो के नेतृत्व वाली पुर्तगाल फुटबाल टीम हालांकि तीन स्थान नीचे खिसक कर सातवें स्थान पर पहुंच गई, जबकि आठवें पायदान पर कोलंबिया को एक स्थान का नुकसान हुआ है।
शीर्ष-10 में शामिल अन्य दो टीमों में इंग्लैंड नौवें जबकि आस्ट्रिया 10वें स्थान पर काबिज हैं।
dharmpath.com dharmpath