नई दिल्ली, 6 दिसम्बर (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम भारत के खिलाफ फिरोजशाह कोटला स्टेडियम में चल रहा चौथा टेस्ट मैच भी गंवाने की कगार पर खड़ा है, लेकिन दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज तेम्बा बायूमा ने कहा है कि उनकी टीम अंत तक संघर्ष जारी रखेगी और सकारात्मक अंदाज में श्रृंखला का समापन करना चाहेगी।
दिल्ली टेस्ट में चौथी पारी में 481 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीकी टीम मैच के चौथे दिन रविवार का खेल खत्म होने तक दो विकेट पर 72 रन बना चुकी है।
बायूमा और डीन एल्गर के रूप में दक्षिण अफ्रीका ने दो विकेट गंवाए हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीकी कप्तान हाशिम अमला (नाबाद 23) ने अब्राहम डिविलियर्स (नाबाद 11) के साथ 23 रनों की नाबाद साझेदारी कर ली है।
दक्षिण अफ्रीकी टीम ने हालांकि यह 72 रन बेहद धीमी गति से 72 ओवरों में बनाए और उनके रुख से साफ लग रहा है कि वे मैच ड्रॉ कराना चाह रहे हैं।
बायूमा ने दिन का खेल खत्म होने के बाद कहा, “हम पर जो दबाव बनाने की कोशिश की गई हम उसे सहने में अब तक कामयाब रहे हैं। श्रृंखला में अब तक खेली गई तीन मैचों के विकेटों से यह विकेट अच्छी है। कुछ भी हो हम उन्हें जीतने नहीं देंगे। हम आखिरी दिन भी संघर्ष जारी रखने उतरेंगे।”
25 वर्षीय बायूमा ने हालांकि स्वीकार किया कि परिस्थितियां भारत के पक्ष में हैं और दक्षिण अफ्रीकी टीम यदि यह मैच ड्रॉ करा ले जाती है तो यह किसी करिश्मा जैसा होगा।
बायूमा ने कहा, “हमारे बल्लेबाजों के लिए आखिरी दिन 90 ओवर बल्लेबाजी करना बेहद कठिन होगा। उम्मीद है कि विकेट थोड़ा और खराब होगी। हमारे पास अनुभव और योग्यता दोनों है। चाहे जो हो हम अंत तक संघर्ष जारी रखेंगे।”
dharmpath.com dharmpath