रियो डी जनेरियो, 9 दिसम्बर (आईएएनएस)। ब्राजीलियाई फुटबाल क्लब क्रूजीरो के लिए खेलने वाले कैमरून के स्ट्राइकर जोएल के साथ अगले वर्ष तक चीन का एक क्लब करार कर सकता है। खुद जोएल के एजेंट ने यह खुलासा किया
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक जोएल के एजेंट जुआन फिगर ने कहा कि यदि सही कीमत मिली तो क्रूजीरो जोएल को बेचने के लिए तैयार है।
ब्राजीलियाई वेबसाइट ‘सांबाफुट’ ने फिगर के हवाले से कहा, “हमसे इस संबंध में संपर्क किया गया है। चीन के एक क्लब ने जोएल में रूचि जताई है। हालांकि अभी कुछ ऐसा पक्का नहीं हुआ है, जिसे सार्वजनिक किया जा सके। समय आने पर सबको सब पता चल जाएगा।”
जोएल ने इसी साल जनवरी में सेरी-ए क्लब कोरितिबा को छोड़कर क्रूजीरो के साथ करार किया था।
इससे पहले, 22 वर्षीय जोएल को बेलो हॉरीजोंते में रहते हुए काफी कम मौके मिले। जोएल होरीजोंते के लिए 23 मैच में सिर्फ तीन गोल कर पाए, जिसमें से अधिकांश मैचों में वह स्थानापन्न खिलाड़ी के तौर पर मैदान पर उतरे।
dharmpath.com dharmpath