मुंबई, 11 दिसम्बर (आईएएनएस)। ‘ट्रेजडी किंग’ दिलीप कुमार ने शुक्रवार (आज) को अपना 93वां जन्मदिन धूमधाम से न मनाने का फैसला लिया। उन्होंने यह निर्णय चेन्नई बाढ़ पीड़ितों के प्रति सद्भावना दिखाते हुए उठाया है।
दिलीप के प्रशंसकों ने उन्हें ट्विटर पर जन्मदिन की बधाई देते हुए कुछ फोटो साझा की, जिस पर प्रतिक्रिया देते हुए अभिनेता ने सभी का शुक्रिया अदा किया।
एक प्रशंसक ने दिलीप और सायरा बानो की शादी की एक फोटो साझा की, जिसे देखकर अभिनेता ने खुशी जताते हुए लिखा, “धन्यवाद। सायरा के साथ वाली यह फोटो हमेशा खुशी देती है।”
‘देवदास’, ‘गंगा जमुना’, ‘मधुमति’ और ‘राम और श्याम’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाने वाले दिलीप ने ट्विटर पर लाइव चैट सत्र शुरू किया। उन्होंने लिखा, “अब आपके साथ कुछ फोटो और संदेश साझा करूंगाा, जो इस स्क्रीन पर मेरे पास आए हैं।”
केवल भारत से ही नहीं बल्कि विदेशों से भी दिलीप को जन्मदिन की बधाई मिली। जिसमें उनके स्कॉटलैंड में रहने वाले प्रशंसक भी शामिल हैं।
दिलीप कुमार को ‘आन’, ‘दाग’, ‘मुगल-ए-आजम’ और ‘लीडर’ जैसी फिल्मों में उनके दमदार अभिनय से पहचान मिली और उन्होंने छह दशकों तक हिंदी सिनेजगत में काम किया। उनकी पिछली फिल्म ‘किला'(1998) थी।
dharmpath.com dharmpath