‘मिस्र जाने वाले रूसी पर्यटकों पर प्रतिबंध से गोवा को मिलेगा फायदा’

पणजी, 12 दिसम्बर (आईएएनएस)। गोवा के पर्यटन मंत्री दिलीप पारुलेकर ने शनिवार को कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा रूसी पर्यटकों के तुर्की और मिस्र जाने पर लगाए गए प्रतिबंध से गोवा को फायदा मिलेगा।

मीडिया द्वारा आयोजित एक समारोह में हिस्सा लेने आए पारुलेकर ने समारोह से इतर कहा, “लोगों को वहां जाने से डर लगने लगा है। यहां तक कि पुतिन ने भी रूस के पर्यटकों को तुर्की और मिस्र जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है।”

पारुलेकर ने कहा, “विदेशी पर्यटकों के बीच गोवा की मांग तेजी से बढ़ती जा रही है।”

हालांकि पारुलेकर ने बताया कि राज्य में पर्यटकों के लिए कमरों की कमी है।

गौरतलब है कि रूस में राष्ट्रपति द्वारा जारी किए गए आदेश में ‘रूस की राष्ट्रीय सुरक्षा और रूसी नागरिकों’ की रक्षा के उद्देश्य से रूस के पर्यटन संचालकों को पर्यटकों को तुर्की ले जाने से प्रतिबंधित कर दिया गया है।

अक्टूबर महीने में मिस्र के सिनाई प्रांत के मरुस्थलीय इलाके में एक रूसी यात्री विमान को आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट द्वारा मार गिराए जाने के बाद रूस से मिस्र के लिए सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।

गोवा भारत का सर्वाधिक आकर्षक बीच पर्यटन केंद्र है, जहां हर साल 30 लाख के करीब पर्यटक पहुंचते हैं जिनमें से पांच लाख के करीब विदेशी पर्यटक होते हैं।

पारुलेकर ने कहा, “इस साल गोवा घूमने आने वाले विदेशी पर्यटकों में रूस, यूक्रेन और यूरोप के पर्यटकों की संख्या बढ़ी है। ब्रिटेन और जर्मनी से भी आने वाले पर्यटकों की संख्या अच्छी है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493