जम्मू की जेल में हमले के बाद पाकिस्तानी कैदी कोमा में

jammuजम्मू: जम्मू की कोट भलवल जेल में एक पाकिस्तानी कैदी सनाउल्लाह पर हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होने के बाद कोमा में चला गया। उसे जम्मू के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसी) में भर्ती कराया गया था, जहां से अब उसे बेहतर इलाज के लिए चंडीगढ़ शिफ्ट किया जा रहा है। जम्मू-कश्मीर सरकार ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं और साथ ही जेल अधीक्षक को निलंबित कर दिया गया है।

सनाउल्लाह जम्मू की कोट भलवल जेल में पिछले 14 साल से बंद है। वह आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने के दोष में उम्रकैद की सजा काट रहा है। उस पर कथित तौर पर हमला करने वाला कैदी उत्तराखंड का है और वह हत्या के दोष में उम्रकैद भुगत रहा है। उसने हथौड़े से सनाउल्लाह पर हमला किया।

उल्लेखनीय है कि कुछ ही दिन पहले लाहौर की कोट लखपत जेल में भारतीय कैदी सरबजीत सिंह पर कैदियों के एक समूह ने बर्बर हमला किया था, जिसके बाद बुधवार रात उनकी मौत हो गई थी।

गुरुवार को ही गृहमंत्रालय ने सभी राज्यों को भारतीय जेलों में बंद लगभग 200 पाकिस्तानी कैदियों के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाए जाने का निर्देश दिया था। उधर, पाकिस्तानी जेलों में भी लगभग 270 भारतीय कैदी सज़ा काट रहे हैं, जिनमें अधिकतर भारतीय मछुआरे हैं।

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493