मुंबई, 14 दिसम्बर (आईएएनएस)। अमेरिकी रेटिंग एजेंसी फिच ने सोमवार को भारत की साख रेटिंग को निचली निवेश श्रेणी ‘बीबीबी नकारात्मक/स्थिर’ पर बरकरार रखा है। फिच ने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा दर बढ़ाने पर डॉलर में आने वाली मजबूती और अंतर्राष्ट्रीय कमोडिटी मूल्य कम रहने की स्थिति में और एशिया प्रशांत क्षेत्र में सुस्ती बने रहने के बाद भी देश की विकास दर बेहतर बनी रहेगी।
फिच ने ‘इमर्जिग एशिया सोवरेन आउटलुक 2016’ रपट में कहा है, “भारत और वियतनाम की आर्थिक स्थिति समग्र तौर पर अनुकूल है और यह इस क्षेत्र को प्रभावित करने वाले नकारात्मक दबावों से बचा हुआ है। इनके सरकारी वित्तीयन में कमजोरी से हालांकि हम सकारात्मक रेटिंग तय नहीं कर पा रहे हैं।”
रपट में कहा गया है, “फेड की दर में संभावित वृद्धि पर डॉलर में मजबूती, वैश्विक व्यापार में कायम सुस्ती और कमोडिटी मूल्य में गिरावट से 2016 में एशिया की उभरती अर्थव्यवस्थाओं में चुनौतीपूर्ण स्थिति बनी हुई है, जो कुछ हद तक यह बताने में सक्षम है कि आखिर क्यों 2000 के दशक के मध्य में देखी गई विकास दर हासिल नहीं हो पा रही है।”
रपट के मुताबिक, चीन में सुस्ती की संभावना के बीच उभरती एशियाई अर्थव्यवस्थाओं की विकास दर 2016 में 6.5 फीसदी की जगह 6.3 फीसदी रहने का अनुमान है।
dharmpath.com dharmpath