शिकागो, 15 दिसम्बर (आईएएनएस)। अमेरिका के केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति समीक्षा बैठक से पहले सोमवार को न्यूयार्क मर्के टाइल एक्सचेंज के कॉमेक्स खंड में सोने के वायदा भाव में गिरावट दर्ज की गई है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, फरवरी डिलीवरी वाले सोने का वायदा भाव 12.3 डॉलर या 1.14 फीसदी घटकर 1,063.40 डॉलर प्रति औंस हो गया।
फेडरल रिजर्व की नीति निर्मात्री समिति फेडरल ओपेन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) मंगलवार और बुधवार को होने वाली बैठक में दर बढ़ाए जाने की उम्मीद की जा रही है।
विश्लेषकों के मुताबिक, बाजार ने दिसंबर में दर बढ़ाए जाने की उम्मीद में पहले ही अपना पैंतरा बदल लिया है। बाजार को अब दर को 0.50 फीसदी से बढ़ाकर 0.75 फीसदी किए जाने का इंतजार है।
सीएमई समूह की फेडवाच प्रणाली के मुताबिक, बुधवार को दर बढ़ाए जाने की संभावना 83 फीसदी है।
फेड की दर बढ़ने से निवेशक सोने से बाहर ऐसी संपत्ति में निवेश करना पसंद करते हैं, जिसमें रिटर्न मिल सके, क्योंकि सोने में निवेश से कोई ब्याज नहीं मिलता।
फेड की दर में जून 2006 के बाद वृद्धि नहीं हुई है।
डॉलर में मजबूती का भी सोने पर नकारात्मक दबाव बना।
सोना और डॉलर विपरीत दिशा में चलते हैं। इसका मतलब यह है कि यदि डॉलर में तेजी आएगी तो सोने का भाव घटेगा।
अन्य महंगी धातुओं में मार्च डिलीवरी वाले चांदी का वायदा भाव 18.9 सेंट या 1.36 फीसदी घटकर 13.695 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ।
जनवरी डिलीवरी वाले प्लेटिनम का वायदा भाव हालांकि 6.5 डॉलर या 0.77 फीसदी बढ़कर 850.20 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ।
dharmpath.com dharmpath