टेटे चैम्पियनशिप में भारतीय टीम को दूसरी वरीयता

सूरत, 16 दिसम्बर (आईएएनएस)। दीनदयाल उपाध्याय इनडोर स्टेडियम में खेली जाने वाली अवध राष्ट्रमंडल टेबिल टेनिस चैम्पियनशिप के 20वें संस्करण में भारतीय महिला और पुरुष टीमों को दूसरी वरीयता मिली है, जबकि सिंगापुर की पुरुष और महिला टीमें शीर्ष वरीय टीमों के रूप में हिस्सा लेंगी।

चैम्पियनशिप के लिए ड्रॉ मंगलवार शाम को जारी किए गए।

वरीयता का आधार प्रत्येक टीम के तीन सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों की विश्व रैंकिंग को रखा गया।

चैम्पियनशिप के पुरुष वर्ग में 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें चार ग्रुपों में बांटा गया है। वहीं महिला वर्ग में नौ टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें तीन ग्रुपों में बांटा गया है।

पुरुष वर्ग में सिंगापुर को श्रीलंका और न्यूजीलैंड के साथ ग्रुप-ए में रखा गया है। ग्रुप-बी में भारत के अलावा त्रिनिदाद एंड टोबैगो और जर्सी को रखा गया है। तीसरी वरीयता प्राप्त इंग्लैंड को उत्तरी आयरलैंड और वेल्स के साथ ग्रुप-सी में जगह मिली है। ग्रुप-डी में स्कॉलैंड के साथ साइप्रस और दक्षिण अफ्रीका को रखा गया है।

महिला वर्ग के ग्रुप-ए में सिंगापुर के साथ दक्षिण अफ्रीका और साइप्रस हैं, जबकि ग्रुप-बी में भारत के साथ श्रीलंका और नॉर्दर्न आयरलैंड को जगह मिली है। जबकि ग्रुप-सी में इंग्लैंड के साथ वेल्स शामिल है।

राष्ट्रमंडल खेलों के प्रारूप के अनुसार पुरुष वर्ग में प्रत्येक ग्रुप से दो टीमें अगले चरण में पहुंचेंगी और प्रत्येक ग्रुप की विजेता टीमों को फिर से दो ग्रुप (ग्रुप ई और डी) में बांट दिया जाएगा। ग्रुप ई और डी की विजेता टीमें स्वर्ण पदक के लिए फाइनल में प्रवेश करेंगी, जबकि तीसरे और चौथे स्थान पर रहीं टीमें कांस्य पदक के लिए खेलेंगी।

सिंगापुर की पुरुष टीम का दारोमदार 59वीं वरीयता प्राप्त ली हू पर होगा, वहीं सिंगापुर की महिला टीम का दारोमदार झू यिहान पर होगा जिन्हें 46वीं विश्व वरीयता हासिल है।

भारतीय पुरुष टीम का दरोमदार 95वीं विश्व वरीयता प्राप्त अनुभवी खिलाड़ी सौम्यजीत घोष के कंधों पर होगा। वहीं टीम में शामिल एंथनी अमृतराज, जी. साथियान, हरमीत देसाई और देवेश कारिया से भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।

खेल के प्रारूप के अनुसार सिर्फ तीन खिलाड़ियों को ही टीम में जगह मिलेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493