नई दिल्ली, 17 दिसंबर (आईएएनएस)। सरकार 13 फरवरी से मुंबई में ‘मेक इन इंडिया-2016’ सप्ताह आयोजित करेगी। यह जानकारी गुरुवार को एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी।
मेक इन इंडिया अभियान की वजह से इस साल की पहली छमाही में देश में 31 अरब डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) हुआ है।
औद्योगिक नीति एवं संवर्धन विभाग (डीआईपीपी) के सचिव अमिताभ कांत ने बताया कि साल की पहली छमाही में चीन में 28 अरब डॉलर का एफडीआई आया, जबकि अमेरिका में 27 अरब डॉलर का एफडीआई आया है।
कांत ने कहा कि आयोजन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।
उन्होंने कहा, “मेक इन इंडिया सप्ताह देश में अब तक का सबसे बड़ा प्रचारात्मक अभियान है। इसमें 70 देशों के 1,000 से अधिक कंपनियां हिस्सा लेंगी।” उन्होंने बताया कि आयोजन बांद्रा-कुर्ला परिसर में होगा, जिसका थीम होगा ‘नवाचार, डिजाइन और टिकाऊपन’।
dharmpath.com dharmpath