नई दिल्ली, 19 दिसम्बर (आईएएनएस)। केन्द्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी 24 दिसंबर को नई दिल्ली के प्रगति मैदान में देश के पहले अंतर्राष्ट्रीय इलेक्ट्रिक वाहन मेले का उद्घाटन करेंगे।
इस मेले में देश-विदेश की 100 से ज्यादा ई-वाहन कंपनियां भाग लेंगी। चीन, जर्मनी, स्वीडन, जापान तथा अन्य देशों से 500 से ज्यादा उच्चस्तरीय व्यापारिक प्रतिनिधि मेले में पहुंचेंगे।
इलेक्ट्रिक रिक्शा मैनुफैक्च र्स एसोसिएशन के संस्थापक सदस्य और इलेक्ट्रिक वाहन मेले के संगठक राजीव अरोड़ा ने कहा, “इस पहले मेले का विशेष महत्व है, मुख्य रूप से इसलिए की यह मोटर वाहन अधिनियम, 1988 में 2015 में संशोधन के पश्चात ई-कार्ट व ई-रिक्शा को शामिल किए जाने के बाद पहला सम्मिलित प्रयास है। खासकर ऐसे समय जब सरकार ई-रिक्शा और ई-कार्ट को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह तैयार है, ताकि लोगों को अंतिम छोर तक आवागमन की सुविधा मिले, मुसाफिरों की सुरक्षा व सुविधा बढ़े और देश को एक प्रदूषण मुक्त देश बनाया जा सके।”
अरोड़ा ने कहा, “यह एक्सपो इसलिए भी अहम है कि सरकार का लक्ष्य भारतीय सड़कों पर दौड़ने वाले 10 प्रतिशत 2/3/4 पहिया वाहनों को हाइब्रिड/ई-वाहनों में परिवर्तित करना है, और इस लक्ष्य को पाने में ई-रिक्शा व ई-कार्ट की विशेष भूमिका है, क्योंकि ये प्रदूषण मुक्त वातावरण की रचना में मददगार साबित होंगे।”
यह चार दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी 24 से 27 दिसंबर तक प्रगति मैदान, नई दिल्ली में होगी। यहां यात्रियों व माल परिवहन हेतु पर्यावरण अनुकूल इलेक्ट्रिक वाहनों, पुर्जो, सेवाओं और उत्पादों के क्षेत्र में हुई नवीनतम तकनीकी प्रगति प्रदर्शित की जाएगी।
dharmpath.com dharmpath