राष्ट्रमंडल टेटे : पुरुष एकल वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंचे 3 भारतीय

सूरत, 20 दिसम्बर (आईएएनएस)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय इनडोर स्टेडियम में चल रहे अवध राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैम्पियनशिप के 20वें संस्करण में रविवार को पुरुष एकल वर्ग में भारत ने तीन पदक सुरक्षित कर लिए।

इसके साथ ही भारतीय टीम चैम्पियनशिप में नौ पदक हासिल करने की ओर बढ़ती प्रतीत हो रही है, जो अब तक का उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन होगा।

भारतीय खिलाड़ियों ने युगल वर्ग की दोनों श्रेणियों में पदक सुनिश्चित कर लिए हैं, जबकि टीम स्पर्धा में स्वर्ण और रजत पदक पहले ही पक्का हो चुका है।

पुरुष एकल वर्ग में भारत के शीर्ष खिलाड़ी सौम्यजीत घोष ने स्कॉटलैंड के गाविन रुमगे को 11-4, 11-8, 11-6, 12-10 से हरा दिया, हालांकि जी. साथियान सिंगापुर के चेन फेंग के हाथों 11-13, 11-9, 7-11, 10-12, 11-4, 5-11 से हार गए।

साथियान चौथे गेम में एक समय 10-7 से आगे चल रहे थे, लेकिन उन्होंने चेन फेंग को वापसी का मौका दिया, जिसका लाभ उठाते हुए फेंग ने साथियान पर दबाव कायम कर लिया और जीत हासिल कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर गए।

एक अन्य क्वार्टर फाइनल मुकाबले में एंथनी अमलराज ने हमवतन अभिषेक यादव को मात्र 22 मिनट में 11-4, 11-4, 11-4, 11-2 से हरा दिया।

वहीं सनिल शेट्टी ने खुद से ऊंची वरीयता वाले स्थानीय हमवतन खिलाड़ी हरमीत देसाई को 9-11, 4-11, 11-9, 7-11, 11-8, 11-9, 11-5 से हरा दिया।

महिला वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में अंकिता दास और के. शामिनी को सिंगापुर की अपनी-अपनी प्रतिद्वंद्वियों के हाथों हार झेलनी पड़ी। मौमा दास और मणिका बत्रा ने हालांकि अपने लिए कांस्य पदक सुरक्षित कर लिए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493