औगादौगू (बुर्किना फासो), 22 दिसम्बर (आईएएनएस)। बुर्किना फासो के अधिकारियों ने 1987 में क्रांतिकारी राष्ट्रपति थॉमस संकारा की हत्या की साजिश के मामले में पूर्व राष्ट्रपति ब्लेज कोम्पाओरे के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय वारंट जारी किया है। न्यायिक सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने सूत्रों के हवाले से कहा कि अक्टूबर, 2014 में सत्ता से अपदस्थ होने के बाद से आइवरी कोस्ट में निर्वासन की जिंदगी जी रहे पूर्व राष्ट्रपति के खिलाफ दिसंबर के प्रारंभ में ही यह वारंट जारी किया गया था।
अधिकारियों ने इसी वर्ष मई महीने में बुर्किना फासो की क्रांति के अगुवा रहे संकारा की संदिग्ध कब्र की पुष्टि के लिए और उनकी हत्या की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए कब्र खोदकर उनकी अस्थियों की जांच करवाई।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि संकारा को गोली मारी गई थी।
कोंपाओरे के कार्यकाल में सेना प्रमुख रहे और इसी वर्ष सितंबर में असफल रहे तख्तापलट अभियान के नेता जनरल गिल्बर्ट डिएंड्रे के खिलाफ पहले से ही संकारा की हत्या के संबंध में मुकदमा दायर कर दिया गया है।
डिएंड्रे पर 15 अक्टूबर, 1987 को हुए सैन्य तख्तापलट के दौरान संकारा की हत्या में सैनिकों का नेतृत्व करने का आरोप है।
डिएंड्रे के नेतृत्व वाले पूर्व राष्ट्रपति के सुरक्षा दस्ते में शामिल रहे 10 के करीब सैनिकों के खिलाफ भी संकारा की हत्या में संलिप्त रहने के संदेह में मुकदमा दायर किया गया है।
dharmpath.com dharmpath