आस्ट्रेलिया अजेय नहीं, भारत के पास मौका : लक्ष्मण (लीड-1)

नई दिल्ली, 23 दिसम्बर (आईएएनएस)। भारत के पूर्व महान बल्लेबाज वी.वी.एस. लक्ष्मण ने बुधवार को कहा कि 12 जनवरी से शुरू हो रहे एकदिवसीय और टी-20 श्रृंखला में भारतीय टीम आस्ट्रेलिया को हराने का दम रखती है क्योंकि कई खिलाड़ियों के संन्यास और फिट नहीं होने के कारण मेजबान टीम अजेय नहीं दिख रही है।

लक्ष्मण ने यहां स्टार स्पोर्टस द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि भारतीय टीम संतुलित है और ऐसे में वह घरेलू परिस्थितियों में खेल रही आस्ट्रेलियाई टीम को हरा सकती है।

लक्ष्मण ने कहा, “भारत में आस्ट्रेलिया को हराने का दम है, खास तौर पर ऐसे में जब आस्ट्रेलिया के पास माइकल क्लार्क और मिशेल जॉनसन जैसे खिलाड़ी नहीं हैं, और फिर मिशेल स्टार्क और शेन वॉटसन के चोटिल होने से यह टीम कमजोर हुई है। भारत के लिए असर खतरा डेविड वार्नर होंगे।”

लक्ष्मण ने कहा कि इस सीरीज में गेंदबाजों के साथ-साथ विराट कोहली की भूमिका काफी अहम होगी, क्योंकि वह टीम में आक्रामकता के परिचायक हैं।

बकौल लक्ष्मण, “आस्ट्रेलिया में आक्रामक खेल कर ही जीता जा सकता है, और फिर विराट से ज्यादा आक्रामक खिलाड़ी भारतीय टीम में और कोई नहीं है। विराट को बल्ले के साथ बेहतरीन प्रदर्शन करना होगा। गेंदबाजी में रविचंद्रन अश्विन श्रेष्ठ फार्म में हैं। हमारी गेंदबाजी अच्छी है, बस गेंदबाजों को अपनी लाइन पर ध्यान देना होगा।”

भारतीय टीम 12 जनवरी से 31 जनवरी तक आस्ट्रेलिया के दौरे पर रहेगी। वह इस दौरान पांच एकदिवसीय और तीन टी-20 मैच खेलेगी। इस दौरे की शुरुआत 12 जनवरी को पर्थ में शुरू होने वाले एकदिवसीय मैच के साथ होगी।

लक्ष्मण ने क हा कि आस्ट्रेलिया दौरे के लिए एकदिवसीय टीम में जगह नहीं बना सके सुरेश रैना के लिए अब अपनी कमियों पर काम करने और टी-20 विश्व कप से पहले मजबूत होकर वापसी करने का वक्त है।

लक्ष्मण ने कहा कि रैना को एकदिवसीय टीम से निकाला जाना निराशाजनक है लेकिन यह उनके लिए व्यक्तिगत तौर पर काफी फायदेमंद साबित होगा क्योंकि इस दौरान उन्हें अपनी कमियों पर काम करने का मौका मिलेगा।

बकौल लक्ष्मण, “रैना एक मैच विनर हैं। विश्व कप में उनका प्रदर्शन शानदार रहा था। मैंने हमेशा उन्हें टीम में देखा है लेकिन वक्त हमेशा आपके साथ नहीं होता। वह आपको सबक देता है और साथ ही सीखने का मौका भी देता है। रैना का आस्ट्रेलिया जाना चाहिए था लेकिन अब उनके पास अपने कमियों पर काम करने और एक बेहतर खिलाड़ी के तौर पर सामने आने का मौका है।”

लक्ष्मण ने कहा कि रैना दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अच्छा नहीं खेले और यही बात उनके खिलाफ गई लेकिन यह नहीं भूलना चाहिए कि वह जब भी बल्लेबाजी के लिए आए तब भारत मुश्किल हालात में होता था। उनके साथ अक्सर ही ऐसा होत है। ऐसे में एक बल्लेबाज के लिए अपेक्षाओं पर खरा उतरने में काफी दिक्कत होती है।

लक्ष्मण ने कहा, “रैना अच्छी वापसी करेंगे मुझे भरोसा है। उनके साथ वही हुआ है, जो 2011 विश्व कप से पहले युवराज सिंह के साथ हुआ था। विश्व कप से छह महीने पहले वह फिट नहीं थे। इसके बाद युवराज ने जिस तरह की वापसी की और मैदान पर जो कारनामा दिखाया वह किसी से छिपा नहीं है। मेरे लिए रैना हमेशा से एक बड़े खिलाड़ी रहे हैं। अगर भारत को टी-20 विश्व कप जीतना है तो रैना क टीम में रहना होगा। रैना के लिए भी यह बहुत बड़ा मौका है कि वह मजबूत होकर वापसी करें।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493