लॉस एंजेलिस, 26 दिसम्बर (आईएएनएस)। टीवी मेजबान और हास्य कलाकार स्टीव हार्वे जो मिस यूनिवर्स 2015 प्रतियोगिता के दौरान गलत विजेता की घोषणा करने के बाद चर्चा में आ गए थे, उन्होंने अपने प्रशंसकों को क्रिसमस की बधाई देते हुए अपनी गलती का खुद मजाक उड़ाया है।
वेबसाइट ‘एसशोबिज डॉट कॉम’ की रिपोर्ट के मुताबिक, हार्वे ने एक तस्वीर शेयर की है जिसमें वह मुंह में सिगार दबाए, हाथों से शांति का चिन्ह बनाते दिखाई दे रहे हैं।
तस्वीर के साथ क्रिसमस वृक्ष के तीन इमोजी के साथ हार्वे ने लिखा, “सभी को ईस्टर की बधाई।”
उनकी इस पोस्ट को सोशल मीडिया पर जबर्दस्त लाइक मिली है।
उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह मिस यूनिवर्स का खिताब गलती से मिस कोलंबिया को देने के बाद वह चर्चा में आ गए थे, जबकि असली विजेता मिस फिलीपीन्स थीं।
हालांकि उन्होंने अपनी गलती के लिए कई बार क्षमा मांगी, लेकिन इंटरनेट पर उनकी इस गलती का मजाक उड़ाते कई मेमे वायरल हो गए हैं।
इस चूक के बावजूद उन्हें अगले वर्ष की मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में फिर से यह जिम्मेदारी सौंपे जाने की उम्मीद है।
dharmpath.com dharmpath