नई दिल्ली, 26 दिसम्बर (आईएएनएस)। हरियाणा हैमर्स ने लीग चरण में आखिरी दो हार से उबरते हुए शनिवार को हुए सेमीफाइनल मुकाबले में पंजाब रॉयल्स को 4-3 से पटखनी दे दी और प्रो रेसलिंग लीग (पीडब्ल्यूएल) के पहले संस्करण के फाइनल में प्रवेश कर लिया।
राष्ट्रीय राजधानी के इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम में हुए मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर हुई और ओलम्पिक कांस्य पदक विजेता लेवान लोपेज अजकुई ने 3-3 से स्कोर बराबर रहने के बाद आखिरी मुकाबला जीतकर अपनी टीम को फाइनल में पहुंचा दिया।
फाइनल में अब रविवार को हरियाणा का सामना मुंबई गरुड़ाज से होगा।
लोपेज ने शनिवार के मैच के आखिरी मुकाबले में परवीन राणा को 5-1 से पटखनी दी। पुरुषों के 74 किलोग्राम भारवर्ग के मुकाबले में राणा शुरुआती बाउट में पैर चोटिल कर बैठे और पूरे मुकाबले के दौरान फिर चोट से परेशान रहे।
अपने कप्तान और आइकन खिलाड़ी योगेश्वर दत्त की अनुपस्थिति में हरियाणा में शामिल किए गए गैर अनुभवी विशाल ठाकुर क्षतिपूर्ति नहीं कर सके।
पुरुषों के 65 किलोग्राम भारवर्ग में विशाल पंजाब के पहलवान रजनीश दलाल से 2-12 से हार गए।इसके बाद महिलाओं के 69 किलोग्राम भारवर्ग के तहत हुए दूसरे मुकाबले में भी हरियाणा की स्टार पहलवान गीतिका जाखड़ को पंजाब की वासिलिसा मार्जालियूक के हाथों 0-4 से हार झेलनी पड़ी।
हालांकि शुरुआती दोनों मुकाबले हारने के बाद पांच बार की विश्व चैम्पियन ओकसाना हेरहेल, आंद्रियातसीव वालेरी और लोपेज ने आखिरी के तीनों मुकाले जीत लिए और हरियाणा को फाइनल में पहुंचाया।
दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम में वालेरी ने पुरुषों के 97 किलोग्राम भारवर्ग के तहत हुए तीसरे मुकाबले में पंजाब के मौसम खत्री को कड़े मुकाबले में 5-4 से हरा दिया।
इसके बाद महिलाओं के 53 किलोग्राम भारवर्ग के तहत हुए चौथे मुकाबले में तात्याना किट ने पंजाब की प्रियंका फोगट को अपने अनुभव के बल पर हरा दिया और हरियाणा को 2-2 से बराबरी पर ला खड़ा किया।
पुरुषों के 125 किलोग्राम भारवर्ग के तहत हुए अगले मुकाबले में हालांकि जारसाईखान चुलूनबाट ने हरियाणा के हितेंदर को 5-1 से हरा दिया और अपनी टीम को एकबार फिर बढ़त दिला दी।
हालांकि इसके बाद पंजाब के पहलवानों की एक न चली।
महिलाओं के 58 किलोग्राम भारवर्ग में हुए अगले मुकाबले में यूक्रेन की हेरहेल ने पंजाब की गीता फोगट को 4-0 से मात दे दी और अंतिम मुकाबले को निर्णायक बना दिया।
निर्णायक मुकाबले में हालांकि क्यूबा के पहलवान लोपेज खरे उतरे। पंजाब के पहलवन राणा को इस मुकाबले के दौरान मेडिकल टाइमआउट भी लेना पड़ा।
राणा ने पूरी जोर-आजमाइश की लेकिन लोपेज ने उनके चोटिल पैर का फायदा उठाते हुए उन्हें पटखनी दे दी।
dharmpath.com dharmpath