हत्यारोपी आव्रजकों का थाई पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप

बैंकाक, 27 दिसम्बर (आईएएनएस)। एक 17 वर्षीय छात्रा की हत्या के आरोप में गिरफ्तार म्यांमार के चार आव्रजकों ने थाईलैंड के रानोंग प्रांत की पुलिस पर यातना देने का आरोप लगाया है। सितंबर में गिरफ्तार इन आरोपियों का कहना है कि उन्हें अपराध स्वीकार करने के लिए प्रताड़ित किया जा रहा है।

आधिकारिक बयानों में बताया गया है कि आरोपी मो जिन आंग (19), जॉ ले (25), मांग सेन (20) और क्याव सो विन (18) ने यह माना है कि उन्होंने 28 सितंबर की रात ओरावी संपाओतोंग की चाकू घोंप कर हत्या कर दी थी।

बैंकाक पोस्ट की रपट के मुताबिक, इन चारों ने अब अपराध में शामिल होने से इनकार किया है।

आरोपी क्याव सो विन ने कहा, “पुलिस ने हम पर लड़की की हत्या का आरोप लगाया और जब हमने इससे इनकार किया तो हमारे गलों पर शिकंजा डालकर हमें पीटा गया।”

इनका कहना है कि इन्हें गिरफ्तार करने के बाद 20 से 24 अक्टूबर के बीच यातनाएं दी गईं। इनकी आंखों पर पट्टी बांधी गई, बंदूक से धमकाया गया, प्लास्टिक बैग में चेहरा डालकर दम घोंटा गया और लातों से मारा गया।

विन ने कहा कि अपराध को मानने के जिन दस्तावेजों पर उनके दस्तखत लिए गए, उन्हें पुलिस ने लिखवाया था। इन बयानों को मानने के लिए उन्हें मजबूर किया गया था।

थाई कानून के मुताबिक, यातना के जरिए हासिल किया गया कोई भी सबूत मान्य नहीं होता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493