ईरान ने रूस को यूरेनियम स्थानांतरित किया

वाशिंगटन, 29 दिसम्बर (आईएएनएस)। विश्व के प्रमुख देशों के साथ हुए परमाणु करार पर अमल की दिशा में एक कदम बढ़ाते हुए ईरान ने अपना अधिकांश संवर्धित यूरेनियम रूस को सौंप दिया है। इस करार में ईरान पर लगे अधिकांश अंतर्राष्ट्रीय प्रतिबंधों को हटाने की बात कही गई है।

अमेरिका के विदेश मंत्री जॉन केरी ने एक बयान में कहा कि 25000 पाउंड (11000 किलोग्राम) निम्न संवर्धित यूरेनियम के साथ जहाज ईरान से रूस के लिए रवाना हो गया है। केरी ने इसे ‘ईरान द्वारा अपने वादे पूरे करने की दिशा में उठाए गए कदमों में से एक बेहद महत्वपूर्ण कदम’ करार दिया है।

14 जुलाई को आस्ट्रिया की राजधानी वियना में ईरान और ब्रिटेन, चीन, फ्रांस, अमेरिका और जर्मनी के बीच ऐतिहासिक परमाणु करार हुआ था।

इसके तहत ईरान इस बात के लिए राजी हुआ था कि वह अपने परमाणु हथियार कार्यक्रम के संदर्भ में पश्चिमी देशों की चिंताएं दूर करने के लिए इसमें उल्लेखनीय कमी लाएगा।

इसमें निम्न-संवर्धित यूरेनियम के भंडार को महज 300 किलोग्राम करना और प्लूटोनियम के उत्पादन में कटौती करना शामिल था।

बदले में ईरान पर लगे अधिकांश आर्थिक प्रतिबंधों को हटाने का वादा किया गया था।

बयान में केरी ने ईरान से संवर्धित यूरेनियम को निकालने और बदले में प्राकृतिक यूरेनियम देने के लिए रूस की भूमिका की सराहना की है। उन्होंने कहा कि इस काम में कजाकिस्तान, अजरबैजान और नार्वे ने भी योगदान दिया है।

ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन के प्रमुख अली अकबर सालेही ने इस बात की पुष्टि की है कि ईरान ने 8.5 टन निम्न संवर्धित यूरेनियम रूस भेजा है और उसे बदले में 140 टन प्राकृतिक यूरेनियम मिला है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493