बार्सिलोना अगले साल और बेहतर होने की कोशिश करेगा : मेसी

बार्सिलोना, 31 दिसम्बर (आईएएनएस)। स्पेन के शीर्ष फुटबाल क्लब बार्सिलोना के लिए खेलने वाले अर्जेटीना के स्टार स्ट्राइकर लियोनल मेसी ने कहा है कि बार्सिलोना इस वर्ष के अपने शानदार खेल में अगले वर्ष और सुधार करने की कोशिश करेगा।

बार्सिलोना ने बुधवार को हुए ला लीगा के इस साल के आखिरी मैच में रियल बेतिस को 4-0 से शिकस्त दी। मेसी का यह 500वां मैच था, जिसमें उन्होंने एक गोल भी किया।

बार्सिलोना ने 2015 में पांच खिताब अपने नाम किए, जिनमें चैम्पियंस लीग, ला लीगा, कोपा डेल रे, यूरोपियन सुपर कप, और जापान में आयोजित हुआ क्लब विश्व कप शामिल हैं।

वेबसाइट ‘ईएसपीएनएफसी डॉट कॉम’ ने मेसी के हवाले से कहा, “यह हमारे लिए काफी अच्छा साल रहा और हमने इस साल के आखिर में भी अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश की। 2015 में हमने जैसा खेल खेला वहां से सुधार करना काफी मुश्किल होगा, लेकिन हम कोशिश करेंगे। हमारी टीम काफी उत्साहित रहती है।”

क्लब के कोच लुइस एनरीक ने 2016 में ज्यादा मैच जीतने की बात पर जोर देते हुए कहा, “हमारे लिए सिर्फ एक काम है लगातार काम करते रहना। यही इस बात की गारंटी है कि हम इस साल जैसा खेले आगे भी खेल पाएंगे।”

उन्होंने कहा, “2015 जा चुका है। अब हमारी कोशिश 2016 में और बेहतर खेलने की होगी। हमारा उद्देश्य सिर्फ जीतना है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493