तेहरान, 2 जनवरी (आईएएनएस)। ईरान ने अमेरिका के दवाब के बावजूद अपने मिसाइल कार्यक्रम के विस्तार में कोई कटौती करने से इनकार किया है।
ईरान के रक्षा मंत्री ब्रिगेडियर जनरल हुसैन देहकान ने कहा, “हम देश के हितों के मुताबिक अपनी रक्षा क्षमता का विस्तार करेंगे।”
समाचार एजेंसी तसनीम के मुताबिक, हुसैन ने कहा, “बैलिस्टिक मिसाइल की डिजाइनिंग और निर्माण की प्रक्रिया में किसी तरह की बाधा नहीं है।”
उन्होंने यह भी कहा कि विदेशी क्या कहते हैं, इसकी परवाह किए बगैर ईरान के सशस्त्र बल स्वदेशी क्षमता एवं उपकरणों का इस्तेमाल करते हुए देश की सुरक्षा ताकत मजबूत करेंगे।
इसके अतिरिक्त ईरान के ‘इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्डस कॉर्प्स’ (आईआरजीसी) के उप कमांडर ब्रिगेडियर जनरल हुसैन सलामी ने शुक्रवार को एक बार फिर कहा कि ईरान ‘ताकतवर देशों’ से उत्पन्न खतरों के खिलाफ अपनी रक्षा शक्ति विकसित करने में बिल्कुल संकोच नहीं करेगा।
उन्होंने कहा, “हम अपनी रक्षा शक्ति का विकास करना बंद नहीं करेंगे।”
ईरान के रक्षा मंत्री और शीर्ष सैन्य अधिकारियों का यह बयान राष्ट्रपति हसन रूहानी की ओर से रक्षा मंत्रालय को गुरुवार को लिखे पत्र के बाद आई है, जिसमें देश के मिसाइल कार्यक्रम को गंभीरता से तेज गति के साथ आगे बढ़ाने की बात कही गई थी।
रूहानी का यह निर्देश अमेरिकी वित्त मंत्रालय की उस हालिया घोषणा के बाद आया, जिसमें कहा गया था कि वह ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम के विकास में कथित तौर पर शामिल एजेंसियों और ईरानी तथा अंतर्राष्ट्रीय व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंध पर विचार कर रहा है।
dharmpath.com dharmpath