इस्लामाबाद, 3 जनवरी (आईएएनएस)। सऊदी अरब के विदेश मंत्री अहमद अल जुबैर ने रविवार को होने वाली अपनी पाकिस्तान यात्रा को रद्द कर दिया। यह जानकारी सऊदी अरब के विदेश विभाग ने दी है।
पाकिस्तानी अखबार डॉन के ऑनलाइन संस्करण में छपी खबर के मुताबिक यह दौरा खुद सऊदी अरब ने प्रस्तावित किया था। जुबैर यहां मध्य-पूर्व के हालात और सऊदी अरब राजशाही द्वारा 34 देशों की संयुक्त आतंकवाद विरोधी फौजी कार्रवाई को लेकर पाकिस्तान के नेताओं का विश्वास जीतने आने वाले थे। सऊदी अरब के अधिकारियों के मुताबिक पाकिस्तान को भी इस गठजोड़ का हिस्सा बनाने के लिए जुबैर वहां के शीर्ष नेतृत्व से मिलने वाले थे।
दिसंबर में सऊदी राजशाही ने 34 देशों के साथ मिल कर आंतकवाद से लड़ने के लिए सैन्य गठजोड़ बनाने की घोषणा की थी जिसमें पाकिस्तान का नाम भी शामिल किया था। उन्हें पाकिस्तान पर इतना भरोसा है कि बिना उससे पूछे ही उन्होंने उसका भी नाम शामिल कर दिया था।
सऊदी अरब के आतंकवाद रोधी इस गठबंधन में पाकिस्तान के शामिल होने पर अलग-अलग तरह की रपट मिली थीं। एक रपट में पाकिस्तान के विदेश सचिव अजीज चौधरी को यह कहते हुए बताया गया था कि उन्हें इस जानकारी पर आश्चर्य हुआ है कि सऊदी अरब ने सैन्य गठजोड़ वाले देशों में पाकिस्तान का नाम भी शामिल किया है। लेकिन, बाद में पाकिस्तान के विदेश विभाग ने स्थिति साफ कर दी और गठजोड़ में शामिल होने की पुष्टि की।
dharmpath.com dharmpath