पीबीएल : हैदराबाद ने बेंगलुरू को हराया

मुंबई, 3 जनवरी (आईएएनएस)। नौवीं विश्व वरीयता प्राप्त भारत के शीर्ष पुरुष बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत के दमदार प्रदर्शन के बावजूद बेंगलुरू टॉप गन्स टीम प्रीमियर बैडमिंट लीग (पीबीएल) का अपना पहला मुकाबला हैदराबाद हंटर्स के हाथों 3-2 से हार गई।

नेशनल स्पोर्ट्स क्लब ऑफ इंडिया (एनएससीआई) में हुए पीबीएल मैच में बेंगलुरू के लिए खेल रहे श्रीकांत ने मलेशिया के दिग्गज पूर्व सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त ली चोंग वेई को 15-12, 6-15, 15-7 से हरा दिया।

दमदार शुरुआत करते हुए श्रीकांत ने पहला गेम तेजी से जीत लिया, लेकिन चोंग वेई ने दूसरे गेम में उतनी ही दमदार वापसी की और बराबरी हासिल कर ली।

लेकिन तीसरे निर्णायक गेम में श्रीकांत ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और मैच अपने नाम कर लिया।

महिला एकल वर्ग से मैच की शुरुआत हुई, जिसमें बेंगलुरू की सुओ डी ने हैदराबाद की के. सुपानिडा को 15-8, 15-11 से हरा दिया।

मैच के बाद सुओ ने कहा, “यह एक कठिन मैच था। मैंने पहला गेम आसानी से जीत लिया, हालांकि दूसरे गेम में मुझे कठिन चुनौती मिलने की उम्मीद थी। लेकिन मैंने अपने खेल का स्तर बनाए रखा जिसका मुझे फायदा मिला। मुझे खुशी है कि मैं अपनी टीम की उम्मीद पर खरी उतरी।”

पुरुष युगल वर्ग के तहत हुए दूसरे मैच को हैदराबाद ने अपना ट्रंप मैच घोषित किया।

हैदराबाद के लिए कार्सटेन मोगेनसेन और मार्किस किडो की जोड़ी ने हून थिएन हो और खिम वाह लिम की प्रतिद्वंद्वी जोड़ी को 13-15, 15-9, 15-14 से मात दे दी और बोनस अंक हासिल कर अपनी टीम को 2-1 से बढ़त दिला दी।

पुरुष एकल वर्ग के तहत हुए अगले मुकाबले को बेंगलुरू ने अपना ट्रंप मैच घोषित किया। हालांकि बेंगलुरू के समीर वर्मा राष्ट्रमंडल चैम्पियन पारुपल्ली कश्यप के हाथों 14-15, 13-15 से हार गए।

अपना ट्रंप मैच गंवाने के कारण हैदराबाद को एक अंक गंवाना पड़ा और बेंगलुरू ने 3-0 की बढ़त हासिल कर ली।

मैच के बाद कश्यप ने कहा, “समीर ने अच्छा प्रदर्शन किया और मुझे कड़ी टक्कर दी। हम अपना ट्रंप मैच जीतने में सफल रहे, जिससे हमें बोनस अंक मिला। इसके बाद उनका ट्रंप मैच जीतकर हमने उन्हें पहले मैच से अर्जित अंक भी छीन लिया।”

मिश्रिय युगल वर्ग के तहत हुए अगले मुकाबले में बेंगलुरू की ओर से अश्विनी पोनप्पा और जोएकिम फिशर नील्सन की जोड़ी उतरी। अश्विनी-जोएकिम की जोड़ी ने इस मैच में ज्वाला गुट्टा और कीडो की जोड़ी को 15-13, 15-13 से मात दे दी।

इस मैच के बाद अश्विनी ने कहा, “यह मैच हमारी टीम के लिए काफी अहम था। हमें खुशी है कि हम दबाव में नहीं आए। ज्वाला और किडो ने अच्छा खेल दिखाया, लेकिन हम नतीजा अपने पक्ष में करने में सफल रहे।”

श्रीकांत और चोंग वेई के बीच आखिरी मुकाबला हुआ। हालांकि श्रीकांत अपने धुरंधर खेल के दम पर चोंग वेई को हराने के बावजूद अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।

मैच के बाद श्रीकांत ने कहा, “चोंग वेई जैसे दिग्गज खिलाड़ी के खिलाफ जीत हासिल कर मैं खुश हूं। मेरा आत्मविश्वास इससे और बढ़ा है और आने वाले मैचों में भी मैं अपना सर्वश्रेष्ठ दूंगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493