स्वर्णिम मध्यप्रदेश बनाने में नायब तहसीलदार सहभागी बनें

shri-kanhaiyyalal_agrawalनायब तहसीलदार, मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की मंशा के अनुरूप मध्यप्रदेश को स्वर्णिम बनाने में सहभागी बनें। नायब तहसीलदार अपने कार्य को सकारात्मक सोच के साथ पूरी मेहनत, ईमानदारी तथा सहजता से अंजाम दें। सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री श्री कन्हैयालाल अग्रवाल आज यहाँ आरसीव्हीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में प्रशिक्षु नायब तहसीलदारों के 14 सप्ताह के आधारभूत एवं परिचयात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन कर रहे थे।

श्री अग्रवाल ने नायब तहसीलदारों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उन्हें तेजी से बदल रहे सामाजिक-आर्थिक परिवेश में अनेक नई चुनौती का सामना करना होगा। प्रदेश में लोक सेवा गारंटी अधिनियम के क्रियान्वयन का उल्लेख करते हुए श्री अग्रवाल ने कहा कि इस अधिनियम के माध्यम से विभिन्न सेवाओं का लाभ आम लोगों को समय-सीमा में सुनिश्चित करने में नायब तहसीलदार महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इसके पूर्व श्री अग्रवाल ने सभी प्रशिक्षु नायब तहसीलदार को प्रमाण-पत्र वितरित किए।

महानिदेशक श्रीमती आभा अस्थाना ने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम नायब तहसीलदारों के लिए उनके कार्यक्षेत्र में बहुत अधिक उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने बताया कि अकादमी में विभिन्न अखिल-भारतीय एवं राज्य सेवा के अधिकारी के लिए प्रतिवर्ष 300 प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

संचालक श्री राकेश अग्रवाल ने भी नायब तहसीलदारों को सम्बोधित किया। प्रमुख सचिव श्री आर.के. चतुर्वेदी ने बताया कि प्रदेश में राजस्व न्यायालयों की व्यवस्था को पुख्ता करने के प्रयास किए जा रहे हैं। राजस्व विभाग में 14 सेवाओं को ऑनलाइन किया गया है। नायब तहसीलदारों को अपने कार्य को बेहतर अंजाम देने के लिए कम्प्यूटर उपलब्ध करवाये जा रहे हैं। इसके अलावा आगामी विधानसभा चुनाव में पीठासीन अधिकारी के रूप में उनकी ड्यूटी लगाई जायेगी।

संचालक (प्रशिक्षण) श्री आर.के. बिसारिया ने प्रशिक्षण के बारे में जानकारी दी। प्रशिक्षण में कुल 63 नायब तहसीलदार ने भाग लिया।

संचालन श्री संजय श्रीवास्तव और संयुक्त संचालक (प्रशिक्षण) श्रीमती मधुबाला नाहर ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में ओएसडी श्रीमती गोपा पाण्डेय भी उपस्थित थी।

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493