माउंट मौंगानई , 7 जनवरी (आईएएनएस)। मार्टिन गुपटिल (58) और कप्तान केन विलियमसन (53) की शानदार बल्लेबाजी और फिर अंतिम ओवर में ग्रांट इलियट की कसी हुई गेंदबाजी की मदद से न्यूजीलैंड ने बे ओवल मैदान पर खेले गए पहले टी-20 मैच में श्रीलंका को तीन से शिकस्त दी।
श्रीलंका ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को बल्लेबाजी करने के लिए आमांत्रित किया। न्यूजीलैंड नें पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 182 रन का स्कोर खड़ा किया। 183 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम तीन रन से चूक गई और नौ विकेट के नुकसान पर 179 रन ही बना सकी।
न्यूजीलैंड का पहला विकेट 101 रन पर गिरा। सलामी बल्लेबाज गुपटिल को चमारा कपुगेदरा ने रन आउट कर टीम को पहला झटका दिया। इसके कुछ ही देर बाद विलियसमन को नुवान कुलासेकरा ने आउट कर टीम को दूसरा झटका दिया।
अंतिम ओवरों में रॉस टेलर (22) और कोलिन मुनरो (36) ने तेज खेलते हुए टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
श्रीलंका की तरफ से कुलासेकरा ने दो विकेट लिए, जबकि जैफरी वैनडरसे को एक विकेट मिला। एक बल्लेबाज रन आउट हुआ।
183 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत खराब रही। महज 10 रन के स्कोर पर तिलकरत्ने दिलशान को ट्रेंट बाउल्ट ने आउट कर श्रीलंका को बड़ा झटका दिया। दिलशन के बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते गए।
एक समय श्रीलंका का स्कोर 42 रन पर चार विकेट हो गया था। पारी की शुरुआत से एक छोर संभाले रखे धनुषका गुनाथिलाका (46) ने मिलिंदा श्रीवर्धना (42) के साथ पांचवे विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी कर टीम को संभालने की कोशिश की। इश सोढी ने गुनाथिलाका को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा।
श्रीवर्धना ने समझदारी से खलते हुए नए बल्लेबाज थिसारा परेरा (28) के साथ पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने छठे विकेट के लिए 49 रन जोड़े। न्यूजीलैंड के लिए खतरनाक दिख रही इस साझेदारी को मैट हेनरी ने तोड़ा। उन्होंने परेरा को आउट कर टीम को सफलता दिलाई।
अंतिम ओवर में श्रीलंका को जीत के लिए 13 रनों की जरूरत थी, लेकिन इलियट ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए महज नौ रन ही खर्च किए और श्रीलंका को जीतने से रोक दिया।
न्यूजीलैंड की तरफ से हेनरी और बाउल्ट ने तीन-तीन विकेट लिए। इलियट और सोढी को एक-एक विकेट मिला, जबकि एक बल्लेबाज रन आउट हुआ।
शानदार गेंदबाजी करने वाले बाउल्ट को मैन ऑफ द मैच दिया गया।
dharmpath.com dharmpath