बीएफआई में गुटीय लड़ाई का असर खिलाड़ियों पर!

रायपुर, 7 जनवरी (आईएएनएस)। लगता है कि बीसीसीआई की तरह अब विवाद भारतीय बास्केटबॉल महासंघ (बीएफआई) में भी घर कर गया है। बीएफआई के दो गुटों के झगड़े का असर छत्तीसगढ़ सहित देशभर के खिलाड़ियों पर पड़ सकता है।

छत्तीसगढ़ की महिला टीम बास्केटबॉल में नेशनल चैंपियन है। ऐसे में दो गुटों के झगड़े से भारतीय टीम चयन में परेशानी आ सकती है। अगले महीने गुवाहाटी में होने वाले दक्षिण एशियाई गेम्स (सैफ गेम्स) से पहले खिलाड़ियों के लिए बड़ी समस्या खड़ी हो जाएगी।

बीएफआई में विवाद शुरू करने वाला गुट 9 जनवरी से मैसूर में नेशनल चैंपियनशिप करा रहा है। इस चैंपियनशिप में सभी राज्यों की टीमों ने शामिल होने का फैसला लिया। छत्तीसगढ़ की टीम भी इस चैंपियनशिप में शामिल हो रही है। लेकिन परेशानी की बात यह है कि इस चैंपियनशिप के लिए गुट ने आईओए से अनुमति नहीं मांगी है। ऐसे में इस चैंपियनशिप को आईओए की समिति गैरआधिकारिक घोषित कर सैफ गेम्स के लिए अलग से ट्रायल करा सकती है।

दूसरे गुट ने हालांकि आईओए से नेशनल चैंपियनशिप कराने की अनुमति मांगी है। अगर आईओए की तरफ से अनुमति मिल जाती है तो जल्द ही दूसरा गुट भी चैंपियनशिप कराएगा। ऐसे में सैफ गेम्स से पहले खिलाड़ियों को भारतीय टीम में शामिल होने के लिए आधिकारिक तौर पर एक और चैंपियनशिप खेलना पड़ेगा। अगर विवाद से बचने आईओए अनुमति नहीं देता तो छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को परेशानी उठानी पड़ सकती है।

केंद्रीय खेल मंत्रालय के निर्देश पर भारतीय ओलिंपिक संघ (आईओए) ने बीएफआई की मान्यता स्थगित कर एडहॉक कमेटी बनाकर चुनाव कराने का निर्देश दिया था। लेकिन आईओए के इस फैसले के खिलाफ एक गुट ने बेंगलुरू हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। केस पर सुनवाई होने से पहले किसी भी गुट को बगैर आईओए और खेल मंत्रालय की इजाजत के कोई निर्णय लेने का अधिकार नहीं है।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ महिला टीम की तीन से चार खिलाड़ी भारतीय टीम का हिस्सा हैं। वहीं, पुरुष टीम के खिलाड़ी भी भारतीय टीम में हैं। छत्तीसगढ़ बास्केटबॉल संघ ऐसे गुट से संबद्ध है, जिसने अभी तक नेशनल चैंपियनशिप नहीं कराया है। वह गुट जो नेशनल चैंपियनशिप करा रहा है, भारतीय टीम चयन में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाने पर छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों की अनदेखी कर सकता है।

अगर दूसरा नेशनल चैंपियनशिप नहीं हो पाता तो छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को परेशानी उठानी पड़ सकती है। ऐसे में लगातार दो साल की चैंपियन के लिए यह टूनार्मेंट हर हाल में जीतना अहम होगा।

66वीं सीनियर नेशनल बॉस्केटबॉल चैंपियनशिप के नाम से हो रहे इस टूनार्मेंट के लिए छत्तीसगढ़ संघ भी अपनी टीम भेज रहा। संघ ने टीम चयन कर लिया है। दो बार की चैंपियन महिला टीम की कमान आकांक्षा सिंह व पुरुष टीम की कमान किरण पाल को सौंपी गई है। महिला टीम के कोच संघ के सचिव राजेश पटेल हैं। वहीं, आरएसएस गौर पुरुष टीम के कोच होंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493