अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने जारी बयान में कहा है कि वाशिंगटन ने ईरान के छह नागरिकों और 11 कंपनियों को काली सूची में डाल दिया है। बयान के मुताबिक, “यह कदम अमेरिकी सरकार की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसमें ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम में मदद करने वाले प्रयासों को निशाना बनाया गया है।”
आतंकवाद और वित्तीय खुफिया विभाग के कार्यकारी सहायक मंत्री एडम जुबिन ने कहा है, “हमने लगातार स्पष्ट किया है कि अमेरिका ईरान की परमाणु गतिविधियों पर कड़े प्रतिबंध लगाएगा। इसके साथ ही उन पर भी प्रतिबंध लगाए जाएंगे, जो आतंकवाद, क्षेत्रीय अस्थिरता, मानवाधिकारों के उल्लंघन और बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रमों में ईरान की मदद करेंगे।”
अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने रविवार को एक भाषण में कहा कि उनका देश ईरान द्वारा लगातार मिसाइल कार्यक्रम के क्रियान्वयन के लिए उस पर नए प्रतिबंध लगाएगा।
गौरतलब है कि ओबामा ने शनिवार को ईरान के परमाणु कार्यक्रम से संबंधित प्रतिबंधों को हटाने के लिए कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए थे।
dharmpath.com dharmpath