युवती ने फेसबुक पर प्रेमी की हत्या की बात स्वीकारी, गिरफ्तार

न्यूयार्क, 19 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिकी पुलिस ने एक 18 वर्षीया युवती को गिरफ्तार किया है, जिस पर अपने प्रेमी को चाकू घोंपकर उसकी हत्या करने का आरोप है। लड़की ने अपने प्रेमी की हत्या के बाद फेसबुक पर इसे स्वीकार किया था।

वेबसाइट ‘डेलीमेल डॉट को डॉट यूके’ की सोमवार की रपट के मुताबिक, नकासिया जेम्स को 21 वर्षीय डोरियन पोवेल की सेन बर्नाडिनो काउंटी में हत्या करने के लगभग एक सप्ताह बाद रविवार को कैलिफोर्निया के हेमेट शहर से गिरफ्तार किया गया था।

बताया जा रहा है कि दोनों के बीच घरेलू झगड़ा हो गया था, जो बाद में हिंसक हो गया।

फेसबुक पोस्ट के मुताबिक, झगड़े में पोवेल ने उसके चेहरे पर प्रहार किया था, जिसके बाद जेम्स ने उसे चाकू मार दिया।

पोस्ट के मुताबिक, “मैंने चाकू लेकर उस पर वार कर दिया। मुझे नहीं लगा था कि उसकी मौत हो जाएगी।”

पोस्ट को डिलीट कर दिया गया है।

जेम्स ने पोस्ट में घटना पर दुख भी व्यक्त किया था, “ईश्वर जानता है, मेरा उसे मारने का इरादा नहीं था। लेकिन मुझे खेद है। उम्मीद है कि आप मुझे माफ कर देंगे। मुझे माफ कर दो डोरियन पोवेल।”

लॉस एंजेलिस टाइम्स के मुताबिक, 11 जनवरी की सुबह सूचना मिलने पर पुलिस को पोवेल मृत अवस्था में मिला था।

पुलिस के एक बयान के मुताबिक, जांचकर्ता को सूचना मिली थी कि रविवार शाम पांच बजे से थोड़ी देर पूर्व जेम्स हेमेट में ‘नॉर्थ हेमिल्टन एवेन्यू’ के एक अपार्टमेंट में छिपी थी।

सेन बर्नाडिनो काउंटी सन की रपट के मुताबिक, जेम्स को 10 लाख डॉलर की जमानत पर रविवार शाम वेस्ट वैली डिटेंशन सेंटर में गिरफ्तार किया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493