हैदराबाद, 24 जनवरी (आईएएनएस)। दक्षिण के कलाकार शिवराजकुमार, श्रेया सरन और देवी श्री प्रसाद सहित अन्य हस्तियों ने रविवार को यहां आईफा उत्सवम के प्रथम संस्करण का उद्घाटन किया।
यह कार्यक्रम तेलुगू, तमिल, कन्नड़ और मलयालम फिल्म उद्योग पर केंद्रित है। दो दिवसीय इस कार्यक्रम में फिल्म-जगत की चार प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।
मूल रूप से यह कार्यक्रम पिछले साल चार-पांच दिसंबर को होना था। लेकिन चेन्नई में बाढ़ से मची तबाही के कारण इस कार्यक्रम को स्थगित करना पड़ा।
अब आईफा उत्सवम अपने बाढ़ राहत अभियान बी वन फॉर चेन्नई के हिस्से के रूप में पहले ही एक करोड़ रुपये जुटा चुका है।
आयोजकों द्वारा कार्यक्रम स्थगित करने की सराहना करते हुए वरिष्ठ तमिल अभिनेता नासिर ने कहा कि वह उनके साथी अंदर से हिल उठे हैं। वह आयोजन में विशेष अतिथि के तौर पर उपस्थित थे।
नासिर ने संवाददाताओ से कहा, “पूरे तमिल फिल्म उद्योग की ओर से, मैं आईफा उत्सवम द्वारा सहानुभूति दिखाने और आयोजन स्थगित करने के लिए उन्हें धन्यवाद देता हूं। हम भावुक हो उठे थे।”
उन्होंने कहा कि पुरस्कार समारोह हर कलाकार के जीवन का खास पल होता है।
उन्होंने कहा, “यह मायने नहीं रखता कि हम कितना कमाते हैं, पुरस्कार हमेशा आपको खास महसूस कराते हैं। यह कुछ पल बेहद खास बनाते हैं।”
तापसी पन्नू, अदह शर्मा, ममता मोहनदास और प्रियमणि जैसे कलाकार भी आयोजन में उपस्थित थे।
dharmpath.com dharmpath