कोलकाता, 24 जनवरी (आईएएनएस)। ओलम्पिक में देश के लिए एकमात्र व्यक्तिगत स्वर्ण जीतने वाले प्रमुख निशानेबाज अभिनव बिंद्रा ने रविवार को कहा कि सरकार को खेलों से दूर रहना चाहिए और खेलों की देखरेख के लिए अधिक से अधिक संख्या में पेशेवर लोगों को जोड़ना चाहिए।
बिंद्रा ने खेल महासंघों को पेशेवर बनाने पर जोर दिया। कोलकाता लाइब्रेरी मीट में बोलते हुए बिंद्रा ने कहा कि अगर भारत को खेलों में दूसरे देशों से टक्कर लेनी है तो उसे खेल संघों को पेशेवर बनाना होगा।
बिंद्रा ने कहा, “अब खेलों में सरकार की ओर से अधिक फंड मिलने लगा है लेकिन सच्चाई में और मेरी नजर में सरकार को खेलों से दूर ही रहना चाहिए। यह उसका काम नहीं है।”
बिंद्रा ने कहा, “सरकार ऐसा करने की कोशिश कर रही लेकिन कर नहीं पा रही है। जब दुनिया भर में प्रतिस्पर्धा इतनी कड़ी हो तो आपको खेलों के संचालन के लिए पेशेवर लोगों को रखने की जरूरत है। ऐसे लोगों को रखने की जरूरत है, जिन्हें खेलों के बारे में जानकारी है और जो अहम फैसले ले सकते हैं।”
dharmpath.com dharmpath