अभिनेत्री कल्पना के निधन पर मलयालम फिल्म जगत सदमे में

तिरुवनंतपुरम, 25 जनवरी (आईएएनएस)। मलयालम अभिनेत्री कल्पना के सोमवार को हुए निधन से मलयालम फिल्म जगत सदमे में है।

कल्पना (50) ने अपने करियर की शुरुआत 1983 में बाल कलाकार के रूप में की थी। वह अपने हंसमुख और चुलबुले स्वभाव की वजह से कैमरे के सामने और पीछे बहुत ही लोकप्रिय रहीं।

वह एक फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में हैदराबाद में थीं और उन्हें एक अवॉर्ड कार्यक्रम में भी शिरकत करना था। सोमवार को जब होटल के कर्मचारियों ने उनसे संपर्क करना चाहा तो उनसे कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उनके कमरे के दरवाजे को खोला गया, जहां वह बेहोशी की हालत में मिलीं।

फिल्म निर्देशक शिबी मलयिल ने बताया कि कल्पना को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ऐसा माना जा रहा है कि दिल का दौरा पड़ने की उनसे मौत हुई है।

एसोसिएशन ऑफ मलयालम मूवी आर्टिस्ट्स (एएमएमए) के अध्यक्ष और लोकसभा सांसद इनोसेंट ने उनके निधन पर दु:ख जताते हुए कहा, “हमने एक साथ कई फिल्मों में काम किया है। उन्होंने मेरी पत्नी, मेरी बहन और भी कई किरदार निभाए हैं। उन्हें एक हास्य कलाकार कहा जा सकता है, लेकिन मैं उन्हें एक बेहतरीन कलाकार और एक जिंदा दिल इंसान कहूंगा। यह मलयालम फिल्म जगत के लिए दुखद दिन है।”

दिग्गज फिल्म अभिनेत्री कवियूर पोनाम्मा ने जब कल्पना के निधन की खबर सुनी तो वह रो पड़ीं।

पोनाम्मा ने कहा, “आप क्या कह रहे हैं कि कल्पना नहीं रहीं। मैं विश्वास नहीं कर सकती। वह हमेशा मेरी सेहत को लेकर फिक्रबंद रहीं और देखो क्या हो गया?”

अभिनेत्री के.पी.ए.सी ललिता का कहना है कि कल्पना हमारे दिलों में हमेशा जिंदा रहेगी।

कल्पना के एक अन्य सहकलाकार मणियम पिल्लई राजू ने बताया कि उनके शव को आज देर शाम केरल लाया जाएगा।

कल्पना ने अपने तीन दशक लंबे करियर में 300 से अधिक फिल्में की, जिसमें कई तमिल फिल्में भी हैं। उनकी बहनें उर्वशी और कलारंजनी भी बहनें हैं।

कल्पना 2012 में ‘तानीचल्ला नजान’ फिल्म में अपने बेहतरीन अभिनय के लिए सर्वषश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुकी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493