नई दिल्ली, 25 जनवरी (आईएएनएस)। गणतंत्र दिवस के अवसर पर चल रहे ऑनलाइन सेल जहां अपने अंतिम दौर में है। वहीं, ई-विक्रेताओं का कहना है कि इस सेल में सबसे ज्यादा बिक्री मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट की हो रही है।
नई दिल्ली, 25 जनवरी (आईएएनएस)। गणतंत्र दिवस के अवसर पर चल रहे ऑनलाइन सेल जहां अपने अंतिम दौर में है। वहीं, ई-विक्रेताओं का कहना है कि इस सेल में सबसे ज्यादा बिक्री मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट की हो रही है।
स्नैपडील के मुताबिक, गणतंत्र दिवस सेल में मोबाइल फोन और एक्सेसरीज की मांग काफी ज्यादा है। स्नैपडील के उपाध्यक्ष (प्रबंधन) राहुल तनेजा ने आईएएनएस को बताया, “लोगों ने हमारे सेल को हाथोंहाथ लिया है। सबसे ज्यादा बिक्री लेनेवो ए6000, नेक्सस 5, आईफोन 5एस और माइक्रोमैक्स के मोबाइल फोन्स की हो रही है जिनकी कीमत 10,000 रुपये के आसपास है।”
तनेजा ने आगे बताया कि मोबाइल फोन के अलावा जेबीएल हेडफोन और कैनन 1200डी कैमरा, ब्ल्यूटूथ ऑडियो इक्विपमेंट और जेबीएल के साउंड बास की भी मांग काफी ज्यादा है। स्नैपडील की यह सेल 26 जनवरी तक है।
वहीं, फ्लिपकार्ट की तीन दिन चली सेल 20 जनवरी से शुरू हुई जिसमें माइक्रोमैक्स, लेनोवो, सैमसंग, एपल, कैनन और निकोन के उत्पादों की सबसे ज्यादा बिक्री हुई। इस दौरान फ्लिपकार्ट के वेबसाइट पर ट्रैफिक में 30 फीसदी बढ़ोतरी देखी गई और लोगों ने सबसे ज्यादा होम एप्लायंस और लार्ज एप्लायंस को सर्च किया।
फ्लिपकार्ट ने एक बयान में बताया, “सैमसंग के गैलेक्सी ऑन5 और ऑन7 के एक लाख यूनिट की बिक्री हुई। वहीं, एयर फ्रायर की बिक्री में 10 गुणा बढ़ोतरी देखी गई। सबसे ज्यादा बिकने वाला उत्पाद मेमोरी कार्ड रहा जिसकी बिक्री में 300 फीसदी की बढ़ोतरी देखी गई।”
वहीं, एमेजन का ‘ग्रेट इंडिया सेल’ तीन दिनों के लिए 21 से 23 जनवरी तक चला जिसे उपभोक्ताओं ने हाथोंहाथ लिया। एमेजन के मुताबिक इस दौरान सेल के पहले दिन सबसे ज्यादा बिक्री वीडियो गेम और म्यूजिक की हुई।
एमेजन इंडिया के उपाध्यक्ष समीर कुमार ने बताया, “72 घंटों तक चले सेल में हमने नए साल के अवसर पर उपभोक्ताओं को सबसे कम संभव कीमत में खरीदारी का आनंददायक अवसर मुहैया कराया।”
गणतंत्र दिवस सेल के दौरान एचडीएफसी क्रेडिट/डेबिट कार्ड से खरीदारी करने पर उपभोक्ताओं को 7.5 फीसदी की अतिरिक्त छूट दी गई। वहीं, एमेजन पर सिटीबैंक क्रेडिट कार्ड रखनेवालों को 10 फीसदी छूट के अलावा गिफ्ट कार्ड भी दिए गए।
नापतोल पर इस दौरान 22 से 26 जनवरी तक दो सबसे ज्यादा बिकने वाले उत्पादों पर 70 फीसदी तक छूट दी गई।
नापतोल के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनु अग्रवाल ने बताया, “नापतोल ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर हमने ग्राहकों के लाभ के लिए एक नया और बेहद रोमांचक दृष्टिकोण अपनाया। हम इस दौरान एकदिनी ऑफर लेकर आए, जिसमें हर दिन एक से बढ़कर एक छूट दिए गए। इससे उपभोक्ताओं के गणतंत्र दिवस के त्योहार का उत्साह और भी बढ़ गया।”
dharmpath.com dharmpath