नई दिल्ली, 25 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय स्टार्ट-अप कंपनियों में निजी इक्वि टी (पीई) या वेंचर कैपिटल (वीसी) फंडिंग के सौदे 2015 में 2.3 गुना बढ़े। यह बात अमेरिकी वैश्विक निवेश बैंक जेफरीज ने यहां अपनी एक रपट में कही।
रपट में कहा गया है, “पीई/वीसी फंडिंग सौदे में 2.3 गुना की वृद्धि हुई है।”
रपट के मुताबिक, 2015 में स्टार्टअप में पीई/वीसी का कुल निवेश 5.7 अरब डॉलर हुआ, जो 2014 में 4.1 अरब डॉलर था।
रपट में 2015 में दो रुझान स्पष्ट दिखे। 2014 में स्टार्ट-अप ने जितने कोष जुटाए, उनमें से 70 फीसदी कोष ई-टेलिंग कंपनियों ने जुटाए थे। 2015 में इसमें विविधता आई है और कई गैर-ई-टेलिंग कंपनियों ने 10 करोड़ डॉलर के निवेश जुटाए हैं।
कुल जुटाई गई राशि में जहां साल-दर-साल आधार पर 40 फीसदी वृद्धि हुई, वहीं कुल निवेश सौदों की संख्या में 2.3 गुने की वृद्धि हुई और यह 49 से बढ़कर 112 हो गई।
उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने 16 जनवरी को स्टार्ट-अप इंडिया कार्ययोजना पेश की है, जिसमें देश में स्टार्ट-अप कंपनियों के लिए अनुकूल माहौल बनाने हेतु कई प्रोत्साहन पेश किए हैं।
dharmpath.com dharmpath