मेलबर्न, 28 जनवरी (आईएएनएस)। विश्व के नंबर दो टेनिस खिलाड़ी एंडी मरे ने पेशेवर टेनिस संघ (एटीपी) से कहा है कि युवा खिलाड़ियों को भ्रष्टाचार और फिक्सिंग से बचाने के लिए उन्हें इनके बारे में जागरूक करने की जरूरत है। दो मीडिया संस्थानों बीबीसी और बजफीड ने टेनिस में फिक्सिंग का खुलासा किया है, जिसमें कई नामी खिलाड़ियों के नाम भी हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, मरे ने गुरुवार को कहा कि युवा और अनुभवहीन खिलाड़ियों को मैच फिक्सिंग से बचाने के लिए ज्यादा कुछ नहीं किया जा रहा है।
मरे ने कहा कि जब सट्टेबाज नए खिलाड़ी के सामने भारी भरकम रकम की पेशकश करते हैं तो युवा खिलाड़ियों का उनके जाल में फंसना स्वाभाविक है।
उन्होंने कहा, “मैं जब युवा था तभी इससे अच्छी तरह वाकिफ था। मुझे लगता है कि युवा खिलाड़ियों को इस बारे में जानकारी देने की जरूरत है। उन्हें यह बताने की जरूरत है कि ऐसे हालात से कैसे बचा जाए।”
मरे ने अपने शुरुआती करियर की घटना को याद करते हुए कहा कि वह जब युवा थे जब उन्हें भी मैच फिक्स करने के लिए 200,000 डॉलर की पेशकश की गई थी।
dharmpath.com dharmpath