लॉस एंजेलिस, 28 जनवरी (आईएएनएस)। सुपरमॉडल टायरा बैंक्स और उनके प्रेमी एरिक एस्ला ने घोषणा की है कि उन्हें एक बेटे के रूप में एक खूबसूरत सौगात प्राप्त हुई है। बच्चे का जन्म सरोगेसी तकनीक से हुआ है।
वेबसाइट ‘ऐसशोबिज डॉट कॉम’ की रिपोर्ट के मुताबिक, 42 वर्षीय बैंक्स ने बुधवार को इंस्टाग्राम पर नवजात की टोपी की तस्वीर साझा करते हुए इस खबर की घोषणा की।
बैंक्स ने तस्वीर के साथ लिखा, “हमने जिसके लिए प्रार्थना की थी वह सर्वश्रेष्ठ उपहार आखिर हमें मिल गया। उसकी उंगलियां और बड़ी-बड़ी आंखें मेरे जैसी हैं और उसका मुंह और ठोढ़ी उसके पिता एरिक जैसे हैं। हमारे लिए इस बच्चे को जन्म देने वाली महिला का हम धन्यवाद देते हैं और ऐसी ही खुशी के लिए प्रयास करने वालों के लिए हम दुआ करते हैं। यॉर्क बैंक्स एस्ला इस दुनिया में तुम्हारा स्वागत है।”
बैंक्स ने गर्भाधान के लिए आईवीएफ तकनीक की मदद ली थी।
उन्होंने कहा, “अपने बेटे को पाकर हम बेहद उत्साहित हैं। यह आसान नहीं था। लेकिन मुझे और एरिक को उम्मीद की किरण दिखाई दे रही थी। मैं जब भी अपने बेटे की खूबसूरत आंखों में झांकती हूं, मेरे मन में उन सभी लोगों के बारे में खयाल आता है, जो बच्चे को जन्म देने का प्रयास कर रहे हैं। मैं हर रोज उन सभी के लिए प्रार्थना करती हूं।”
dharmpath.com dharmpath