रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता किम मिन-सियोक सादिक ने कहा कि दक्षिण कोरिया के अमेरिकी सुरक्षाबल केंद्र में थाड की तैनाती के लिए अमेरिकी सरकार में हुई बातचीत से वे अवगत हैं।
किम ने कहा कि थाड की तैनाती के लिए दक्षिण कोरिया को अमेरिका का कोई निवेदन नहीं मिला, लेकिन उन्होंने उल्लेख किया कि इस मिसाइल सुरक्षा प्रणाली की तैनाती दक्षिण कोरिया की सुरक्षा व रक्षा के लिए मददगार साबित होगी।
प्रवक्ता ने कहा कि उत्तर कोरिया के परमाणु व मिसाइल खतरे से बचने के लिए दक्षिण कोरिया हर संभावित उपायों की समीक्षा करेगा।
उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय में सामने आई है, जब प्योंगयांग ने छह जनवरी को हाइड्रोजन बम का सफल परीक्षण करने का दावा किया था। सियोल ने आशंका जताते हुए कहा है कि प्योंयांग किसी भी वक्त लंबी दूरी के मिसाइल का परीक्षण कर सकता है।
उत्तर कोरिया ने अपने तीन परमाणु बम का सफल परीक्षण करने के बाद या पहले, लंबी दूरी तक मार करने वाले बैलिस्टिक मिसाइलों का परीक्षण किया था। फरवरी 2013 में तीसरा परमाणु परीक्षण करने से दो महीने पहले उत्तर कोरिया ने एक उपग्रह का प्रक्षेपण किया था।
किम ने कहा कि मंत्रालय मोबाइल मिसाइल रक्षा प्रणाली की सैन्य व्यवहार्यता की जांच के लिए थाड से जुड़ी सूचनाओं को एकत्र कर रहा है और उसका विश्लेषण कर रहा है।
थाड का विकास अमेरिकी रक्षा कंपनी लॉकहिड मार्टिन ने किया है। यह 40-150 किलोमीटर की ऊंचाई पर मिसाइलों को मार गिरा सकता है।
दक्षिण कोरिया 40 किलोमीटर से कम ऊंचाई पर मिसाइलों को मार गिराने के लिए अपनी मिसाइल रक्षा प्रौद्योगिकी का विकास कर रहा है, जिसे कोरिया एयर एंड मिसाइल डिफेंस (केएएमडी) नाम दिया गया है।
dharmpath.com dharmpath