एचआईएल : पंजाब को हरा रांची ने दर्ज की लगातार तीसरी जीत

रांची, 30 जनवरी (आईएएनएस)। मौजूदा चैम्पियन रांची रेज ने शनिवार को हुए हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के चौथे संस्करण के लीग मुकाबले में पंजाब वॉरियर्स को 5-4 से हरा दिया।

लीग में रांची की यह लगातार तीसरी जीत है।

मैच में रांची के लिए कोथाजीत सिंह ने 18वें मिनट में और डेनियल बील ने 28वें मिनट में फील्ड गोल दागे, जबकि संदीप सिंह ने 43वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर एक गोल किया।

वहीं पंजाब के लिए युवा फॉरवर्ड अरमान कुरैशी ने सातवें मिनट में और सतबीर सिंह ने 31वें मिनट में एक-एक गोल किए। दोनों ही फील्ड गोल रहे, जिसे मौजूदा संस्करण में दो गोल के समान माना जा रहा है।

इस जीत के साथ रांची के 21 अंक हो गए और वह अंकतालिका में शीर्ष पर और मजबूत हो गया।

पंजाब ने मैच की शुरुआत तो आक्रामक की और सातवें मिनट में ही अरमान ने मेहमान टीम को 2-0 से बढ़त दिला दी।

पहले क्वार्टर का जहां यह एकमात्र गोल रहा, वहीं दूसरा क्वार्टर काफी आक्रामक रहा। दूसरे क्वार्टर में मेजबान टीम ने एक के बाद एक दो गोल कर डाले और 4-2 की बढ़त ले ली।

मध्यांतर तक 4-2 की इस बढ़त को रांची मध्यांतर के ठीक बाद गंवा बैठी। पंजाब के लिए 31वें मिनट में किए गए सतबीर के फील्ड गोल की बदौलत स्कोर 4-4 से बराबर हो गया।

घरेलू दर्शकों के सामने रांची ने हालांकि इसके बाद आक्रामक रुख अपनाया और चौथे क्वार्टर में उसे पेनाल्टी कॉर्नर के रूप में उसे फायदा मिल गया।

इस पेनाल्टी को अनुभवी मिडफील्डर संदीप भुनाने में सफल रहे, जो रांची के लिए विजयी गोल साबित हुआ।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493