एएफसी चैम्पियनशिप : शानडोंग लुनेंग ने मोहन बागान को 6-0 से रौंदा

जिनान (चीन), 2 फरवरी (आईएएनएस)। एशिया फुटबाल परिसंघ (एएफसी) चैम्पियंस लीग के दूसरे चरण के क्वालीफाइंग टूर्नामेंट में मंगलवार को हुए एक मुकाबले में शानडोंग लुनेंग ने आई-लीग चैम्पियन भारत के अग्रणी क्लब मोहन बागान को 6-0 से करारी शिकस्त दे दी।

जिनान ओलम्पिक सेंटर में हुए इस मैच में यांग शू ने 55वें और 68वें मिनट में दो गोल किए, जबकि वाल्टर मोंटिलो ने 23वें, डिएगो टारडेली ने 40वें, झेंग झेंग ने 76वें और वांग योंगपो ने 88वें मिनट में एक-एक गोल दागे।

सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस कम तापमान पर हुए मैच में मेजबान टीम ने शुरू से ही मैदान पर अपना दबदबा कायम कर लिया।

मोहन बागान ने भी हालांकि शुरु में अच्छा मुकाबला किया और 20 मिनट तक कोई भी टीम गोल हासिल नहीं कर सकी। मोंटिलो ने आखिरकार 23वें मिनट में मैच का पहला गोल किया।

टारडेली ने मध्यांतर तक शानडोंग को 2-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाज यांग शू के लगातार दो गोलों की बदौलत शानडोंग ने जैसे ही 4-0 की बड़ी बढ़त ली, मोहन बागान टीम निराश नजर आने लगी।

शानडोंग अब 2008 के फाइनल तक का सफर तय करने वाली एडीलेड युनाइटेड के किलाफ ग्रुप चरण में प्लेऑफ मैच खेलेगी। दोनों टीमों के बीच यह मैच नौ फरवरी को आस्ट्रेलिया के एडिलेड स्थित हिंदमार्श स्टेडियम में खेला जाएगा।

उल्लेखनीय है कि मोहन बागान ने 27 जनवरी को हुए पहले राउंड के क्वालीफाइंग मैच में सिंगापुर के क्लब टेंपाइंस रोवर्स को 3-1 से हराकर शानडोंग से खेलने का मौका हासिल किया था।

मोहन बागान पहली बार टूर्नामेंट के दूसरे राउंड में पहुंचा था। मोहन बागान अब एएफसी कप में हिस्सा लेगी।

एएफसी कप में मोहन बागान को दक्षिण चीन (हांगकांग), यांगून यूनाइटेड (म्यांमार) और मालदीव के क्लब माजिया के साथ ग्रुप-जी में रखा गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493