फील्ड गोल को 2 गोल मानना अंतर्राष्ट्रीय हॉकी के लिए ठीक नहीं : जैक्सन

मुंबई, 3 फरवरी (आईएएनएस)। हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के जारी चौथे संस्करण में रांची रेज के लिए खेल रहे ब्रिटिश हॉकी टीम के स्टार स्ट्राइकर एश्ले जैक्सन ने बुधवार को कहा कि फील्ड गोल को दो गोल के रूप में जोड़ने के नियम को अंतर्राष्ट्रीय हॉकी में लागू नहीं किया जाना चाहिए।

गौरतलब है कि एचआईएल के मौजूदा संस्करण में खेल को रोमांचक बनाने के उद्देश्य से नियमों में बदलाव करते हुए फील्ड गोल को दो गोल के रूप में लिया जा रहा है।

रांची रेज के कप्तान जैक्सन ने कहा कि यह अंतर्राष्ट्रीय हॉकी के लिए फायदेमंद नहीं है।

बुधवार को महिंद्रा हॉकी स्टेडियम में हुए मुकाबले में मौजूदा चैम्पियन रांची रेज को घरेलू टीम दबंग मुंबई के हाथों 5-7 से हार झेलनी पड़ी।

मैच के बाद जैक्सन ने कहा, “फील्ड गोल को दो गोल की तरह जोड़ना अंतर्राष्ट्रीय हॉकी के लिए ठीक नहीं है। मैं इसे नहीं अपनाना चाहूंगा। हमने यहां एचआईएल में ही पहली बार यह नियम देखा।”

उन्होंने कहा, “इसकी वजह से हम देख रहे हैं कि टीमें बचाव पर ज्यादा ध्यान दे रही हैं, क्योंकि फील्ड गोल की स्थिति में उन्हें ज्यादा नुकसाना उठाना पड़ेगा, जो एक मिनट में किसी भी खेल का रुख पलट सकता है।”

बुधवार को मिली हार के बावजूद रांची टीम छह मैचों से 22 अंकों के साथ अंकतालिका में शीर्ष पर कायम है।

रांची अब आठ फरवरी को भुवनेश्वर में कलिंगा लांसर्स के खिलाफ खेलेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493