चंडीगढ़, 4 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विजार्ड्स ने गुरुवार को हुए हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के मैच में जेपी पंजाब वॉरियर्स को 3-0 से मात दे दी।
उप्र के लिए आकाशदीप सिंह ने मैच के 44 मिनट में फील्ड गोल किया और अपनी टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी।
मैच के आखिरी मिनट में गोंजालो पीलाट ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर उप्र के लिए विजयी स्कोर हासिल किया।
उल्लेखनीय है कि एचआईएल के मौजूदा संस्करण में फील्ड गोल को दो गोल माना जा रहा है।
उप्र की यह लगातार दूसरी जीत है, जिसके बल पर कुल 17 अंक हासिल कर उप्र अंकतालिका में पाचवें स्थान पर पहुंच गया।
उप्र के लिए गोलकीपिंग कर रहे देश के दिग्गज गोलकीपर पी. आर. श्रीजेश ने भी शानदार प्रदर्शन किया।
पंजाब ने शुरुआत आक्रामक की, हालांकि मध्यांतर तक कोई भी टीम गोल हासिल नहीं कर सकी।
मध्यांतर के बाद उप्र ने आक्रामक रुख अपनाया जिसका उन्हें फायदा भी मिला। तीसरे क्वार्टर के आखिरी मिनट में आकाशदीप ने चतुराई से फील्ड गोल किया।
आखिरी क्वार्टर एक्शन से भरपूर रहा और दोनों ही टीमों ने लगातार हमले जारी रखे। बराबरी की कोशिशों में लगे पंजाब को हालांकि उप्र की मजबूत रक्षापंक्ति ने रोक लिया।
वहीं आखिरी मिनट में पीलाट के गोल ने उप्र की जीत पक्की कर दी।
dharmpath.com dharmpath