सरदार का महिला के साथ ‘प्रेम संबंध’ होने से इनकार

चंडीगढ़, 4 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय हॉकी टीम के कप्तान सरदार सिंह ने अपने ऊपर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली महिला पर गुरुवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया।

सरदार ने महिला के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की धमकी भी दी।

सरदार ने कहा कि महिला ने उनसे सहमति लिए बगैर अपना पक्ष रखने के लिए उनके विभिन्न सोशल अकाउंट्स का दुरुपयोग किया।

हॉकी कप्तान ने कहा कि उनके बीच अच्छी मित्रता थी, लेकिन किसी तरह का ‘प्रेम संबंध’ नहीं था। उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों से भी इनकार किया।

गौरतलब है कि शिकायतकर्ता महिला भारतीय मूल की ब्रिटिश हॉकी खिलाड़ी है। महिला ने बुधवार को लुधियाना के कूमकलां पुलिस थाने में सरदार सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई है और सरदार के सगाई होने का दावा किया है।

सरदार ने गुरुवार को यहां पत्रकारों से कहा, “पिछली बार स्पेन में खेलने के दौरान उसने (शिकायतकर्ता महिला) मेरे ईमेल देखे, क्योंकि इससे पहले मेरे दोस्त ऐसा करते रहते थे।”

सरदार ने कहा, “मुझसे संबंधित कुछ ट्वीट्स के भी दुरुपयोग किए गए। ट्विटर पर उसने यह घोषणा भी कर दी कि वह जल्द ही शादी करने वाली है। हम उस समय स्पेन दौरे पर थे।”

हॉकी कप्तान ने आगे कहा, “हम लंदन ओलम्पिक-2012 से पहले फेसबुक के जरिए मिले थे, हालांकि उसके बाद से मैं उससे नहीं मिला।”

हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के मौजूदा संस्करण में जेपी पंजाब वॉरियर्स का प्रतिनिधित्व कर रहे सरदार ने कहा, “हम दोनों के बीच किसी तरह का प्रेम संबंध नहीं था। मैं स्वीकार करता हूं कि वह मेरे घर गई थी। लेकिन हम दोनों के परिजनों के बीच खास बातचीत नहीं हुई थी।”

सरदार ने कहा कि पिछले दो वर्ष से वह महिला के संपर्क में नहीं थे और उसके साथ दुष्कर्म करने या गर्भपात के लिए मजबूर करने के आरोप सरासर झूठे हैं।

उन्होंने कहा, “पुलिस रिपोर्ट देखने के बाद ही मैं तय करूंगा कि क्या कानूनी कार्यवाही करने की जरूरत है।”

पंजाब पुलिस ने मामले की जांच के लिए बुधवार को विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित कर दी। हालांकि पुलिस ने अब तक सरदार के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493