ताइपे, 6 फरवरी (आईएएनएस)। दक्षिणी ताइवान में शनिवार सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए।
इसमें अब तक पांच लोगों के मारे जाने की खबर है और कई लोग घायल बताए गए हैं। भूकंप में कई इमारतें नष्ट हो गईं। आपदा प्रबंधन केंद्र ने बताया कि इस आपदा में आठ इमारतें जमींदोज हो गईं, जबकि ताईनान शहर में अन्य पांच इमारतें आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुई हैं।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य प्राधिकरण के मुताबिक, कुल 318 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में 10 दिन की एक नवजात बच्ची और 40 वर्षीय युवक भी शामिल है।
ताइवान के आंतरिक मामलों के प्रमुख चेन वे जेन ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि सुबह आठ बजे तक ताईनान शहर के योंगकांग जिले में 17 मंजिली एक आवासीय इमारत ‘वे गुआन’ के मलबे से 221 लोगों को बाहर निकाला गया।
चेन के मुताबिक, दमकलकर्मियो के अलावा लगभग 850 सैनिकों को बचाव कार्यो में लगाया गया है।
चीन ने भूकंप प्रभावित ताइवान को मदद की पेशकश की है। चीन की रेड क्रॉस सोसायटी ने ताइवान को 20 लाख युआन (3,04,268 डॉलर) की मदद की पेशकश की है।
dharmpath.com dharmpath