कोलंबो, 6 फरवरी (आईएएनएस)। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने शनिवार को कहा कि भारत सूचना एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में श्रीलंका की मदद के लिए तैयार है, साथ ही श्रीलंका में एक आईटी पार्क स्थापित करने में भी भारत मदद करेगा।
श्रीलंका में भारत द्वारा आयोजित एक महोत्सव ‘संगम : कॉनफ्लूएंस ऑफ कल्चर्स’ में ‘राइज ऑफ डिजिटल इंडिया’ प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए सुषमा ने कहा, “श्रीलंका के विदेश मंत्री मंगला समरावीरा से बातचीत के दौरान दोनों देशों के विकास के लिए सूचना प्रौद्योगिकी के महत्व पर भी और डिजिटल हो रही दुनिया से पैदा होने वाले अवसरों का लाभ उठाने पर हमने चर्चा की।”
इस प्रदर्शनी में भारत में कंप्यूटर और डिजिटल क्षेत्र में हो रही तेज तरक्की और उससे लोगों के जीवन पर पड़ रहे सकारात्मक प्रभावों को दर्शाया गया है।
सुषमा ने कहा, “हमें यह अहसास है कि दोनों देशों के बीच सूचना प्रौद्योगिकी एवं डिजिटल क्षेत्र में समन्वय स्थापित करने के अपार अवसर हैं। भारत ने सूचना एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में काफी तरक्की कर ली है और मैंने उनसे कहा है कि हम इस क्षेत्र में श्रीलंका को मदद देने के लिए तैयार हैं।”
dharmpath.com dharmpath